Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध कश्मीर में नार्को-टेरर नेटवर्क पर एसआईए का शिकंजा, भगोड़े आरोपी के खिलाफ...

कश्मीर में नार्को-टेरर नेटवर्क पर एसआईए का शिकंजा, भगोड़े आरोपी के खिलाफ उद्घोषणा जारी

0
6

श्रीनगर, 27 जून (आईएएनएस)। कश्मीर की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एसआईए) ने शनिवार को एक भगोड़े आरोपी के खिलाफ उद्घोषणा की कार्रवाई शुरू की। यह आरोपी पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क द्वारा हेरोइन की तस्करी से जुड़े सीमा पार नार्को-टेरर मामले में शामिल था।

एसआईए की ओर से यह कार्रवाई सक्षम अदालत के आदेशों के पालन में किया गया। फरार अभियुक्त के खिलाफ उद्घोषणा की कार्रवाई कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी बिलाल शब्बीर अवान के पैतृक घर पर की गई, जो कुपवाड़ा जिले की करनाह तहसील के दिलदार का रहने वाला है।

यह मामला शुरू में जनवरी 2025 में श्रीनगर के परिम्पोरा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था, जब श्रीनगर के बरथाना में नाका चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन जब्त की गई थी। जांच के दौरान मामला एएसआई कश्मीर को सौंप दिया गया, जिसके बाद मामले की जांच में एजेंसी ने एक सुनियोजित सीमा-पार नार्को-टेरर नेटवर्क का पता लगाया, जो जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों को फंड करने और उन्हें बढ़ावा देने के लिए नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था।

इसके बाद, गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत अपराध दर्ज किए गए। एसआईए कश्मीर ने अब तक इस मामले से संबंधित सात आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की, जिन पर अभी सक्षम अदालत में मुकदमा चल रहा है, जबकि बड़ी साजिश की आगे की जांच जारी है।

एसआईए कश्मीर नार्को-टेरर नेटवर्क को खत्म करने और यह सुनिश्चित करने के अपने संकल्प पर अडिग है कि हर भगोड़े आरोपी का पता लगाया जाए, उसे पकड़ा जाए और सजा दिलाई जाए। उद्घोषणा की कार्रवाई एजेंसी की ‘जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में नशा मुक्त भारत अभियान’ के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दिखाती है। एजेंसी कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सभी कानूनी उपाय कर रही है, चाहे वे कहीं भी छिपने की कोशिश करें।