कोटा, 28 जून (आईएएनएस)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कोटा के दादाबाड़ी स्थित रंडेल पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने न केवल वृक्षारोपण किया, बल्कि उपस्थित लोगों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को अपनाने का आह्वान भी किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आज दुनिया कई गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आह्वान अत्यंत महत्वपूर्ण है। हर सांसद की जिम्मेदारी है कि वह अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में जनता को जागरूक करे और पर्यावरण संरक्षण को एक जन-आंदोलन का रूप दे।
उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष होने के नाते भी यह उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वे सभी सांसदों से आग्रह करें कि वे अपने क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छता और हरियाली के प्रति प्रेरित करें। यदि जनता सक्रिय रूप से जुड़ती है तो हर संसदीय क्षेत्र को हरा-भरा और स्वच्छ बनाया जा सकता है।
कोटा शहर के विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि “कोटा वह शहर होगा जहां सबसे अच्छे खेल मैदान होंगे।” उन्होंने रंडेल पार्क कोटा में सिंथेटिक ट्रैक और आधुनिक खेल मैदान विकसित करने की योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर को केवल स्मार्ट सिटी के रूप में ही नहीं, बल्कि स्वच्छ और बेहतर जीवन स्तर वाले शहर के रूप में विकसित करना लक्ष्य है। कोटा की गलियों और कॉलोनियों को भी और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को भावनात्मक और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा लगाना चाहिए और उसका संरक्षण भी करना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, अन्यथा पौधे सूख जाते हैं और उद्देश्य अधूरा रह जाता है।
ओम बिरला ने जनता से अपील की कि वे अपने मोहल्ले, गली और शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए संकल्प लें और सामूहिक प्रयास करें। यदि लोग मिलकर काम करें तो स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्रभावी जन आंदोलन बनाया जा सकता है। कोटा की जनता इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगी और शहर को स्वच्छ, हरित और आदर्श शहर बनाने में योगदान देगी।

