नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। देशभर के लोगों को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से फिट इंडिया मूवमेंट के तहत भारतीय सरकार द्वारा हर रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ इवेंट का आयोजन किया जाता है। इस इवेंट में नामी हस्तियां, एथलीट और अलग-अलग क्षेत्र के दिग्गज लोग हिस्सा लेते हैं। रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ के 79वें संस्करण का आयोजन मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में किया गया।
‘संडे ऑन साइकिल’ के 79वें संस्करण की थीम ‘नशा मुक्ति भारत अभियान’ रखी गई, जिसके तहत लोगों को नशा छोड़ने और स्वास्थ्य जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस इवेंट में साल 2019 में मिसेज इंडिया का खिताब जीतने वालीं और फिट इंडिया की ब्रांड एंबेसडर किरण चिल्लर शामिल हुईं। उन्होंने पत्रकारों संग बातचीत करते हुए कहा, “40 लाख लोग पिछले एक साल में संडे ऑन साइकिल से जुड़ चुके हैं। यह हर किसी के लिए एक शानदार पहल है।”
किरण ने 79वें संस्करण की थीम ‘नशा मुक्ति भारत अभियान’ पर बात करते हुए कहा, “यह एक बहुत अच्छी थीम है। मैं यही कहना चाहूंगी कि हर किसी को स्वास्थ्य रहने का प्रयास करना चाहिए। संडे ऑन साइकिल का आयोजन हर हफ्ते इसलिए ही किया जाता है, ताकि लोगों तक यह मैसेज पहुंच सके कि हेल्दी लाइफस्टाइल हमारे लिए कितनी जरूरी है। ऐसे में हर किसी को खुद को फिट रखने के लिए किसी भी तरह की फिटनेस एक्टिविटी करनी चाहिए, चाहे फिर साइकिलिंग हो या फिर कुछ और। ऐसा करके हम बाकी लोगों को फिट रहने और नशा मुक्त होने के लिए प्रेरित करेंगे।”
उन्होंने कहा कि इस इवेंट में हिस्सा लेने के लिए बच्चों को भी प्रेरित करना चाहिए, ताकि फिटनेस के प्रति जागरूक रहने की वजह से वह शुरुआत से ही अच्छी जीवनशैली अपनाएंगे। किरण ने जोर देकर कहा कि हर किसी को खुद के लिए कम से कम 15 मिनट से आधा घंटा निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग इस तरह के फिटनेस इवेंट में हिस्सा लेकर सोशल मीडिया के जरिए भी अपने आसपास और साथियों को फिटनेस के प्रति प्रेरित कर सकते हैं। वहीं, संडे ऑन साइकिल के 79वें संस्करण में हिस्सा लेने पहुंचे लोगों ने भी सरकार की इस पहल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस इवेंट के जरिए तनाव कम करने में मदद मिलती है।

