Monday, June 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘मन की बात’ में जल संरक्षण पर जोर, पीएम मोदी के विजन...

‘मन की बात’ में जल संरक्षण पर जोर, पीएम मोदी के विजन की दिखी झलक: भाजपा

0
6

नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को भाजपा नेताओं ने जनजागरूकता और समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला मंच बताया। दिल्ली से लोकसभा सांसद योगेंद्र चंदोलिया और झारखंड के रांची से भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कार्यक्रम में उठाए गए विभिन्न मुद्दों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर एपिसोड में समाज से जुड़े ऐसे विषय उठाते हैं, जो लोगों को प्रेरित करने के साथ-साथ देश के विकास में भागीदार बनने का संदेश देते हैं।

सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हर बार समाज के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक विषयों पर चर्चा होती है। प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से पेट्रोल और डीजल की बचत के लिए वाहन साझा (शेयरिंग) करने की अपील की थी, जिसे लोगों ने गंभीरता से अपनाया है। इस तरह की छोटी-छोटी पहलें न केवल ईंधन की बचत करती हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

चंदोलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने कार्यक्रम में देश के दूर-दराज इलाकों में रहने वाले लोगों के प्रेरणादायक कार्यों का भी उल्लेख करते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि किसी दूरस्थ गांव में लोगों ने स्वयं मिलकर पुल का निर्माण किया, जो सामूहिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण है। सामान्य तौर पर कोई भी ऐसे कार्यों की कल्पना नहीं कर सकता, लेकिन ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों को इन सकारात्मक प्रयासों की जानकारी मिलती है। ‘मन की बात’ का हर एपिसोड नई सोच और नई प्रेरणा लेकर आता है। इससे लोगों में जागरूकता बढ़ती है और यह एहसास होता है कि देश के प्रधानमंत्री दूरदर्शी सोच के साथ समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र पर ध्यान दे रहे हैं।

जल संरक्षण के मुद्दे पर चंदोलिया ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी के बीच पानी का संरक्षण देश और दुनिया दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है। जल का दुरुपयोग रोकना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि यदि बारिश के पानी को संग्रहित कर एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के माध्यम से साफ किया जाए तो उसे पेयजल के अलावा अन्य घरेलू कार्यों जैसे स्नान, कपड़े धोने, सफाई और शौचालय में उपयोग किया जा सकता है। पीने के लिए केवल सीमित मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है, जबकि शेष जरूरतों के लिए उपचारित जल का उपयोग कर बड़े पैमाने पर जल संरक्षण किया जा सकता है।

वहीं, रांची में भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रेरणादायक विषयों पर चर्चा करते हैं और लोगों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का युवा खेल भी रहा है, आगे भी बढ़ रहा है और खेलों के माध्यम से अपना करियर भी बना रहा है। पहले खेलों को उतना महत्व नहीं दिया जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को नई पहचान और सम्मान मिला है। इसका परिणाम यह है कि भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत रहे हैं।

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई पढ़ाई में आगे नहीं बढ़ पा रहा है, तो उसे अपना समय व्यर्थ की गतिविधियों या नशे की ओर ले जाने के बजाय खेलों में करियर बनाने का प्रयास करना चाहिए। खेल न केवल स्वस्थ जीवन का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और सम्मानजनक भविष्य का भी मजबूत विकल्प बन चुके हैं।