Monday, July 6, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध राजस्थान: अलवर में दिनदहाड़े मोबाइल शोरूम संचालक पर जानलेवा हमला, रंगदारी मांगने...

राजस्थान: अलवर में दिनदहाड़े मोबाइल शोरूम संचालक पर जानलेवा हमला, रंगदारी मांगने का आरोप

0
5

अलवर, 5 जुलाई (आईएएनएस)। राजस्थान के अलवर शहर के अखेपुरा थाना क्षेत्र स्थित ज्योतिराव फुले सर्किल के पास प्लेटिनम टावर में रविवार दोपहर करीब 2 बजे एक मोबाइल शोरूम संचालक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में घायल प्रथम मुखीजा को पहले जिला अस्पताल और बाद में परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही अखेपुरा और अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फुटेज में एक युवक प्रथम मुखीजा पर चाकू से हमला करता दिखाई दे रहा है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घायल के पिता राजेश मुखीजा ने बताया कि करीब पांच दिन पहले खुदनपुरी जोहड़ के पास कुछ युवकों से विवाद हुआ था। उस मामले में आरोपियों ने प्रथम का नाम भी रिपोर्ट में दर्ज कराया था। रविवार को मनु , धीरज और हर्षित शोरूम पर पहुंचे और पुराने विवाद में समझौते के नाम पर 15 लाख रुपए की मांग करने लगे। आरोप है कि प्रथम द्वारा रुपए देने से इनकार करने पर मनु सैनी ने उसके पेट में नाभि के पास चाकू मार दिया। वारदात के बाद आरोपी चाकू मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

डीएसपी अंगद शर्मा ने बताया कि कंट्रोल रूम से प्लेटिनम टावर में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके और अस्पताल पहुंची। घायल का उपचार जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। प्लेटिनम टावर में चाकूबाजी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।