Monday, July 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति कोलकाता: न्यूटाउन में बनेगी 125 फीट ऊंची श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा,...

कोलकाता: न्यूटाउन में बनेगी 125 फीट ऊंची श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा, भाजपा ने किया भूमि पूजन

0
6

न्यूटाउन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के न्यूटाउन स्थित इको टूरिज्म पार्क में उनकी प्रस्तावित 125 फीट ऊंची प्रतिमा के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता डॉ. शरदवत मुखर्जी, विधायक तरुणज्योति तिवारी, विधायक सौरव सिकदर समेत कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान तमाम भाजपा नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

भाजपा नेता डॉ. शरदवत मुखर्जी ने आईएएनएस से बातचीतत में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में भूमि पूजन किया गया है और इसी स्थान पर उनकी 125 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर यदि समय मिला तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे, नहीं तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह दिन सनातनी बंगाल और बंगालियों के लिए गर्व और उत्सव का अवसर है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रयासों के कारण ही पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बना रहा। यदि ऐसा नहीं हुआ होता तो आज पश्चिम बंगाल बांग्लादेश का हिस्सा होता। आज बंगाल में डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा की स्थापना उनकी विचारधारा के सम्मान का प्रतीक बनेगी।

विधायक तरुणज्योति तिवारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल बंगाली हिंदुओं की मातृभूमि है, जिसका सपना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देखा था। आज उस भूमि पर भाजपा की सरकार है और इसके पीछे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वर्षों के संगठनात्मक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। 2014 से अमित शाह लगातार पश्चिम बंगाल आते रहे, कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करते रहे और संगठन को मजबूत करने का काम किया, जिसका परिणाम आज देखने को मिल रहा है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर लोगों के सामने वास्तविक इतिहास लाने की जरूरत है। अब तक इतिहास के नाम पर लोगों को केवल कहानियां सुनाई गईं, जबकि नई पीढ़ी को यह जानना चाहिए कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कौन थे और देश तथा बंगाल के लिए उनका क्या योगदान था।

वहीं, विधायक सौरव सिकदर ने कहा कि वह भाजपा की दूसरी पीढ़ी से जुड़े कार्यकर्ता हैं और बचपन से अपने परिवार में यही सुनते आए हैं कि एक दिन श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भूमि पर उनकी विचारधारा वाली पार्टी सत्ता में आएगी। विधायक बनने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है और इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व का विषय है। पहले वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किसी भी स्थान पर प्रतिमा स्थापित करना या उनका नाम सार्वजनिक रूप से सामने लाना भी बेहद कठिन था। उन्होंने याद दिलाया कि जब कोलकाता पोर्ट का नाम बदलकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखा गया था, तब भी इसका विरोध हुआ था।

उन्होंने विश्वास जताया कि न्यूटाउन में बनने वाली 125 फीट ऊंची प्रतिमा केवल कोलकाता या पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। उन्होंने इसकी तुलना गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से करते हुए कहा कि जिस प्रकार लोग सरदार पटेल की प्रतिमा देखने गुजरात जाते हैं, उसी तरह भविष्य में लोग पश्चिम बंगाल आकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के दर्शन करेंगे। उन्होंने सभी बंगालवासियों से इस ऐतिहासिक अवसर की खुशी में शामिल होने की अपील भी की।