नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (बेसिल) ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दिल्ली-एनसीआर स्थित केंद्र सरकार के अस्पताल में लैब अटेंडेंट सहित अलग-अलग कुल 41 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है।
बेसिल की ओर से जारी 41 रिक्तियों में टेक्निकल असिस्टेंट ईएनटी के 2, ईएमटी टेक्नीशियन के 2, पेशेंट केयर मैनेजर (पीसीएम) के 5, लैब अटेंडेंट के 5, डेंटल टेक्नीशियन के 2, फूड बेयरर के 5, ओटी टेक्नोलॉजिस्ट के 5, जूनियर फिजियोथेरेपिस्ट के 5, फार्मासिस्ट के 5 और रेडियोग्राफर के 5 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 21 सितंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार बेसिल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से टेक्निकल असिस्टेंट ईएनटी के लिए स्पीच और हियरिंग में बीएससी डिग्री और भारतीय पुनर्वास परिषद (आरसीआई) के साथ पंजीकृत; ईएमटी टेक्नीशियन के लिए भारत सरकार के राष्ट्रीय कौशल विकास कार्यक्रम के तहत हेल्थ सेक्टर स्किल काउंसिल से मान्यता प्राप्त संस्थानों से ईएमटी-बेसिक/ईएमटी-एडवांस्ड सर्टिफिकेशन; पेशेंट केयर मैनेजर (पीसीएम) के लिए लाइफ साइंसेज में फुल-टाइम बैचलर डिग्री और हॉस्पिटल में पोस्ट-ग्रेजुएट क्वालिफिकेशन; लैब अटेंडेंट, डेंटल टेक्नीशियन और जूनियर फिजियोथेरेपिस्ट के लिए विज्ञान में 12वीं उत्तीर्ण; फूड बेयरर के लिए 10वीं पास; ओटी टेक्नोलॉजिस्ट के लिए बीएससी (एनेस्थीसिया और ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजिस्ट); फार्मासिस्ट के लिए फार्मेसी में डिप्लोमा; और रेडियोग्राफर के लिए रेडियोग्राफी में बीएससी (ऑनर्स) या रेडियोग्राफी में बीएससी (3 वर्षीय पाठ्यक्रम) होना चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित तय वर्षों का अनुभव और अन्य पात्रता व कौशन का होना भी जरूरी है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 18 से 21 वर्ष के बीच और अधिकतम आयु 35 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 7 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन योग्यता मानदंडों के आधार पर आवेदनों की जांच और शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, कौशल परीक्षण (यदि कोई हो), दस्तावेज सत्यापन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 21,502 से 40,710 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 295 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी और विकलांग व्यक्तियों को रजिस्ट्रेशन फीस के भुगतान से छूट दी गई है।
