Monday, July 6, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद

अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद

0
6

नोएडा, 6 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा के फेस-2 थाने की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, एक फर्जी नंबर प्लेट तथा तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद में दोपहिया वाहनों की चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के मुताबिक, 5 जुलाई को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर फेस-2 पुलिस ने निम्मी विहार पुस्ता के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरदीन उर्फ सोहेल (21 वर्ष), फैजान उर्फ कल्लू (23 वर्ष) और फिरोज (27 वर्ष) के रूप में हुई है।

तीनों आरोपी गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र के केला भट्टा इलाके के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में घरों के बाहर, साप्ताहिक बाजारों तथा दुकानों के सामने खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी के दौरान विरोध या पकड़े जाने की आशंका होने पर लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने पास अवैध चाकू रखते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कम कीमत पर बेच दिया जाता था और उससे मिलने वाली रकम को अपने शौक और मौज-मस्ती पर खर्च करते थे।

बरामद 12 मोटरसाइकिलों में से दो के संबंध में थाना फेस-2 नोएडा में पहले से मुकदमे दर्ज हैं, जबकि तीन मोटरसाइकिलें दिल्ली के ई-पुलिस स्टेशन एमवी थेफ्ट में दर्ज मामलों से संबंधित पाई गई हैं। अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के स्वामित्व और उनके चोरी के मामलों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। इनके खिलाफ गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और दिल्ली में वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फरदीन, फैजान और फिरोज पर वाहन चोरी के अलावा अवैध हथियार रखने और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप भी दर्ज हैं।

फेस-2 थाने की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं और चोरी की गई मोटरसाइकिलों की खरीद-फरोख्त का नेटवर्क किन लोगों तक फैला हुआ है।