नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, कॉटन कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) लिमिटेड ने सहायक प्रबंधक (असिस्टेंट मैनेजर) सहित विभिन्न 148 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक शॉर्ट ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।
सीसीआई लिमिटेड की ओर से जिन 148 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें सहायक प्रबंधक (राजभाषा) का 1, सहायक प्रबंधक (सूचना प्रौद्योगिकी) का 1, मैनेजमेंट ट्रेनी (मार्केटिंग) के 8, मैनेजमेंट ट्रेनी (लेखा) के 8, कनिष्ठ वाणिज्यिक कार्यकारी (जूनियर कमर्शियल एग्जीक्यूटिव) के 50, जूनियर असिस्टेंट (लेखा) के 50 और जूनियर असिस्टेंट (सामान्य) के 30 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई की सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर भर्ती होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे सीसीआई लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि के रात 23.55 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
सीसीआई लिमिटेड की ओर से संबंधित पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले इससे जुड़ी विस्तृत अधिसूचना अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी, जिसमें उम्मीदवारों की योग्यता, चयन प्रक्रिया, आयु सीमा, आवेदन शुल्क, सैलरी, आदि से जुड़ी जानकारी प्राप्त होगी। हालांकि, इसके लिए उम्मीदवारों को टाइम-टू-टाइम आधिकारिक वेबसाइट को चेक करने की भी सलाह दी जाती है।
बता दें कि सीसीआई लिमिटेड ने इन पदों के अलावा डायरेक्टर (मार्केटिंग) के पद पर भी भर्ती निकाली है, जिसके लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 जुलाई के दोपहर 3 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 जुलाई की शाम 5 बजे तक तय की है।
डायरेक्टर (मार्केटिंग) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/संस्थान से इंजीनियरिंग ग्रेजुएट या एमबीए/पीजीडीएम के साथ ग्रेजुएट होना चाहिए और उसका एकेडमिक रिकॉर्ड अच्छा होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 5 वर्ष का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 40 वर्ष और अधिकतम आयु 60 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 7 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, चयनित अभ्यर्थियों की सैलरी 1,60,000 से 2,90,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

