Wednesday, July 8, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध दो वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की चार बाइक और दो चाकू बरामद

दो वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की चार बाइक और दो चाकू बरामद

0
5

नोएडा, 8 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-113 थाने की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें तथा दो चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी के अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बुधवार को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान सेक्टर-123 क्षेत्र से दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई।

जांच के बाद उनकी पहचान अभिषेक पाल पुत्र बेचेलाल और प्रदीप पाल पुत्र मूलचंद के रूप में हुई। दोनों मूल रूप से हरदोई जिले के निवासी हैं और वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर के बहलोलपुर गांव में रह रहे थे। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एक मोटरसाइकिल यूपी-16 एफपी-3652 शामिल है, जो थाना सेक्टर-24 में दर्ज मुकदमा संख्या 231/2026 से संबंधित है।

इसके अलावा, दिल्ली नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, उत्तराखंड नंबर की पैशन प्रो तथा हरियाणा नंबर की टीवीएस अपाचे बाइक भी बरामद हुई है। टीवीएस अपाचे वर्ष 2019 में दिल्ली के ई-पुलिस स्टेशन क्षेत्र से चोरी हुई थी और उससे संबंधित मुकदमा भी दर्ज है। बरामदगी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो चाकू भी बरामद किए हैं।

इस संबंध में थाना सेक्टर-113 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(4), 317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान 22 वर्षीय अभिषेक पाल और 29 वर्षीय प्रदीप पाल के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों के खिलाफ वाहन चोरी से जुड़े मामले पहले भी दर्ज हैं। इनके खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर-24 तथा दिल्ली के ई-पुलिस स्टेशन में भी वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।

नोएडा पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लोकल इंटेलिजेंस, बीट पुलिसिंग और नियमित चेकिंग के जरिए ऐसे अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की अन्य वारदातों में इनकी क्या भूमिका रही है और इनके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।