रायपुर, 8 जुलाई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। धमतरी जिले को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब एवं अन्य अवैध कारोबारों के विरुद्ध लगातार सघन एवं सुनियोजित अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत नशे के कारोबार में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध साक्ष्य आधारित कठोर वैधानिक कार्यवाही करते हुए उनके अवैध नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया जा रहा है। धमतरी पुलिस की इस सतत एवं निर्णायक कार्रवाई का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाते हुए जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाए रखना है।
इसी क्रम में थाना कुरूद पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम छाती स्थित एचएच-30 हाईस्कूल के पास दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) बिक्री के उद्देश्य से लेकर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कुरूद पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 6,000 रुपए है। इसके अतिरिक्त आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन एवं 1 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
जब्त सभी सामानों की कुल अनुमानित कीमत 36,000 रुपए है। मामले से जुड़ी पूछताछ एवं प्रारंभिक विवेचना के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध थाना कुरूद में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाहिद खान (उम्र 27 वर्ष, निवासी संजय नगर, कुरूद, जिला धमतरी – छत्तीसगढ़) और केशवराम ध्रुव (उम्र 26 वर्ष, निवासी संजय नगर, कुरूद, जिला धमतरी – छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी के साथ आम जनता से भी अपील की गई है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार संबंधी किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

