Friday, July 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा मिले’, फारूक अब्दुल्ला की अपील पर...

‘जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा मिले’, फारूक अब्दुल्ला की अपील पर जेबी माथर का समर्थन

0
9

नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस की राज्यसभा सांसद जेबी माथर ने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग, वायनाड में भूस्खलन की स्थिति, महाराष्ट्र में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी), प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ संबंधी बयान और भारत के जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के दावे पर केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठा रहा है, जबकि केंद्र सरकार मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला द्वारा जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग के समर्थन में 52 नेताओं को पत्र लिखे जाने पर जेबी माथर ने कहा कि यह उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में समर्थन जुटाना स्वाभाविक प्रक्रिया है। जब किसी मुद्दे को लेकर गंभीर प्रतिबद्धता होती है तो विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन मांगा जाता है, ताकि उस मांग को और मजबूत बनाया जा सके। फारूक अब्दुल्ला ने भी इसी उद्देश्य से विभिन्न दलों से समर्थन की अपील की है।

वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन पर जेबी माथर ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि केरल सरकार के राजस्व मंत्री एपी अनिल कुमार मौके पर लगातार मौजूद हैं और सरकार के सभी विभाग प्रभावित लोगों की सहायता में जुटे हुए हैं। कांग्रेस महासचिव एवं वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने भी ऑनलाइन समीक्षा बैठक में हिस्सा लेकर हालात की लगातार निगरानी की है। बड़ी संख्या में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा राज्य में जल्द समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के बयान पर कांग्रेस सांसद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकारें सड़कों और इमारतों के नाम बदलने या यूसीसी लागू करने जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दे रही हैं। यह भाजपा के व्यापक राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा है। माथर ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है और संविधान सभी धर्मों को अपने-अपने रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार जीवन जीने का अधिकार देता है। यूसीसी के जरिए इस विविधता को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और अब महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में इस मुद्दे को उठाया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय एक तानाशाही प्रवृत्ति को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पूरी दुनिया ने भारत की रक्षा क्षमता देखी, जेबी माथर ने कहा कि दुनिया केवल भारत की सैन्य शक्ति ही नहीं, बल्कि उसकी वैश्विक कूटनीतिक भूमिका भी देख रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी संघर्षों, विशेषकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जैसे मामलों में भारत का स्पष्ट रुख क्या है, इस पर भी दुनिया की नजर है। सरकार को इन सवालों पर भी स्पष्टता देनी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भारत के जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के दावे पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि सरकार को बड़े दावों के बजाय आम जनता की समस्याओं पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई, किसानों की समस्याएं, आम लोगों की आर्थिक परेशानियां और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में सरकार को यह बताना चाहिए कि इन समस्याओं के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। वर्षों से बड़े-बड़े दावे और घोषणाएं सुनने को मिल रही हैं, लेकिन जनता की वास्तविक परेशानियों को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाना अधिक आवश्यक है।