Friday, July 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अमरनाथ यात्रा: मनोज सिन्हा ने बालटाल बेस कैंप का किया दौरा, श्रद्धालुओं...

अमरनाथ यात्रा: मनोज सिन्हा ने बालटाल बेस कैंप का किया दौरा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

0
1

श्रीनगर, 10 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को बालटाल बेस कैंप का दौरा कर बाबा अमरनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल, ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण केंद्र, टेंट और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपराज्यपाल ने कहा कि बाबा अमरनाथ के श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पंजीकरण से लेकर आवास, यात्रा मार्ग और दर्शन तक हर व्यवस्था बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से संचालित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड और सभी संबंधित विभाग यात्रियों को सुरक्षित, सहज और यादगार यात्रा अनुभव देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा केवल श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक जीवन को ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों की आजीविका को भी मजबूत कर रही है।

मनोज सिन्हा ने सेवा प्रदाताओं, सफाई कर्मचारियों, डॉक्टरों और लंगर चलाने वाले स्वयंसेवकों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इन सभी की निस्वार्थ सेवा प्रेरणादायक है और इस वर्ष श्रद्धालुओं की बढ़ी संख्या से स्थानीय व्यापारियों तथा सेवा प्रदाताओं के लिए नए आर्थिक अवसर भी पैदा हुए हैं।

उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा आकांक्षी जम्मू-कश्मीर का जीवंत प्रतीक है और इसकी पवित्रता तथा स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उपराज्यपाल ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं से अधिक पैसे वसूलने या फर्जी पंजीकरण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा, “चाहे वह कोई सेवा प्रदाता हो, सरकारी कर्मचारी हो या किसी संस्था से जुड़ा व्यक्ति, किसी को भी बख्शा नहीं जाए। ऐसे मामलों में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए।”

इसके अलावा उन्होंने सफाई व्यवस्था का व्यापक ऑडिट कराने और 24 घंटे निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने उपराज्यपाल को सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी फीडबैक प्रणाली बनाई गई है।

यह भी बताया गया कि यात्रा मार्ग पर आरओ पेयजल संयंत्रों की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया जा सके।

उपराज्यपाल ने श्रद्धालुओं से भी बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। यात्रियों ने प्रशासन, श्राइन बोर्ड, पुलिस, सेना और सुरक्षा बलों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।

मीडिया से बातचीत में मनोज सिन्हा ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के आठवें दिन तक लगभग 1.70 लाख श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन, पुलिस, सेना, सुरक्षा बल, श्राइन बोर्ड और सभी संबंधित एजेंसियां पूरी समन्वय के साथ यात्रा को सफल बनाने में जुटी हैं। इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिना पूर्व पंजीकरण के पहुंचे, लेकिन आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनकी यात्रा भी सुचारु रूप से सुनिश्चित की गई।

उपराज्यपाल ने बताया कि बालटाल और चंदनवाड़ी में स्थापित 100-100 बेड के अस्पताल पूरी तरह संचालित हैं, जहां प्रतिदिन औसतन 1,300 से 1,400 बाह्य रोगियों (ओपीडी) का उपचार किया जा रहा है। ये अस्पताल श्रद्धालुओं और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन और श्राइन बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि यदि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा हो तो तत्काल निकटतम कैंप निदेशक या सुरक्षा कर्मियों से संपर्क करें। प्रशासन चौबीसों घंटे उनकी सहायता के लिए उपलब्ध है।