पटना, 10 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले बड़ी सियासी हलचल देखी जा रही है। भाजपा के घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपकर अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की जानकारी दी।
पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा कि वह निजी और पारिवारिक कारणों से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पाएंगे। उन्होंने कहा, “मैंने अभी-अभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को एक पत्र सौंपा है। भारतीय जनता पार्टी ने मुझे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार के रूप में चुना था, जिसके लिए मैं पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभारी हूं लेकिन पारिवारिक कारणों से मैं यह चुनाव नहीं लड़ पा रहा हूं। मैं आगे भी पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में निष्ठापूर्वक सेवा करता रहूंगा।”
दरअसल, मंगलवार को भाजपा ने अभिषेक कुमार सिन्हा को इस सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। गुरुवार को अभिषेक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। नामांकन के दौरान भाजपा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे। इनमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी शामिल थे।
अब अभिषेक सिन्हा के चुनाव मैदान से हटने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल भाजपा की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अब पार्टी इस सीट से नया उम्मीदवार उतारेगी या आगे की रणनीति क्या होगी। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभिषेक सिन्हा ने केवल पारिवारिक कारणों का ही उल्लेख किया है।
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। यह उपचुनाव इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि जन सुराज अभियान के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी इस सीट से चुनाव मैदान में हैं। प्रशांत किशोर लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं और घर-घर जाकर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित है।

