वलसाड/मेहसाणा, 11 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात पुलिस के स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) ने वलसाड और मेहसाणा जिलों में शराबबंदी कानून के तहत दो अलग-अलग छापेमारी कर करीब 69 लाख रुपए की भारतीय निर्मित विदेशी शराब जब्त की है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में कुल 14 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
छापेमारी के दौरान शराब के अलावा वाहन और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। जब्त किए गए शराब और अन्य सामान की कुल कीमत 1.09 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, गुजरात के पुलिस महानिदेशक जी.एस. मलिक के निर्देश पर ये कार्रवाई की गई। इसका उद्देश्य पूरे राज्य में अवैध शराब और जुए के कारोबार के खिलाफ अभियान तेज करना और कानून का सख्ती से पालन कराना है।
पहली कार्रवाई में पुलिस इंस्पेक्टर बी.पी. देसाई और उनकी टीम ने वलसाड जिले के डुंगरी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर कुंडी पुल के पास एक चार पहिया वाहन से करीब 87 कार्टन जब्त किए, जिनमें भारत में निर्मित बीयर की 3,025 बोतलें थीं। इनकी कीमत 9.26 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। वाहन और अन्य जब्त सामान को मिलाकर बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 19.36 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान वापी तालुका के कोचरवा निवासी वाहन चालक इलेश उर्फ इलियो पटेल और पारडी तालुका के मोतीवाड़ा निवासी कपिल उर्फ सोनू पटेल के रूप में हुई है। कपिल वाहन में क्लीनर के तौर पर उसके साथ मौजूद था।
इस मामले में गुजरात निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत डुंगरी थाने में शराबबंदी कानून के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने इस मामले में चार फरार आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें सप्लायर अंकुर रानी, उसके साथी और वह व्यक्ति शामिल है, जिसने कथित तौर पर शराब की खेप मंगवाई थी।
एक अन्य छापेमारी में स्टेट मॉनिटरिंग सेल के पुलिस इंस्पेक्टर ए.जे. चौहान और उनकी टीम ने मेहसाणा जिले के कड़ी तालुका में विदाज गांव के पास कल्याणपुर रोड पर रामदेव होटल के नजदीक एक वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 1,077 कार्टन जब्त किए, जिनमें भारत में निर्मित बीयर की 25,858 बोतलें थीं। इनकी कीमत करीब 59.73 लाख रुपए आंकी गई है। जब्त की गई शराब, वाहन और अन्य सामान सहित बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 89.95 लाख रुपए बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने राजस्थान के बाड़मेर जिले के धीरासर गांव निवासी हेमाराम जाट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वही बीयर से भरे वाहन को चला रहा था। इस मामले में गुजरात निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कड़ी थाने में आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सात अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस ने मामले में जिन आरोपियों के नाम सामने आए हैं, उनमें बाड़मेर जिले के तारात्रा गांव निवासी विजय जाट और चांडी गांव निवासी रमेश लिखाराम जाट शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, विजय जाट ने चालक की मुलाकात मुख्य आरोपी के एक साथी से कराई थी, जबकि रमेश लिखाराम जाट पर शराब की खेप भेजने का आरोप है। पुलिस शराब की खरीद और ढुलाई से जुड़े पांच अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।
स्टेट मॉनिटरिंग सेल ने बताया कि दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और प्रतिबंधित शराब की तस्करी तथा उसकी सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

