चंडीगढ़, 14 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित हो रहे एक ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग, अमृतसर ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय की ओर से आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी गई।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और विदेश में बैठे एक हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों के संपर्क सीमापार के तस्करों से जुड़े हुए थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग स्थानों से हेरोइन की खेप इकट्ठा करते थे और उसे पंजाब में आगे सप्लाई करने का काम करते थे। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं, ताकि पूरी सप्लाई चेन का खुलासा किया जा सके।
इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत स्टेट स्पेशल ऑपरेशन्स सेल, अमृतसर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का मानना है कि सीमा पार से संचालित ड्रग नेटवर्क पंजाब में नशे की सप्लाई के लिए नए-नए तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे गिरोहों पर शिकंजा कसने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य को नशा मुक्त बनाने और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से न केवल बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों को बाजार में पहुंचने से रोका गया है, बल्कि तस्करी नेटवर्क की कई महत्वपूर्ण कड़ियों तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी।

