Thursday, July 16, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय रेलवे सैलरी पैकेज के तहत दिवंगत कर्मचारी के परिवार को मिला 1.10...

रेलवे सैलरी पैकेज के तहत दिवंगत कर्मचारी के परिवार को मिला 1.10 करोड़ रुपए का बीमा लाभ

0
1

बिलासपुर, 15 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच हुए रेलवे सैलरी पैकेज (आरएसपी) समझौते के तहत एक दिवंगत रेलवे कर्मचारी के परिवार को 1.10 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, एसईसीआर मुख्यालय और एसबीआई के बीच कर्मचारियों को रेलवे सैलरी पैकेज के लाभ उपलब्ध कराने के लिए हुए समझौते के तहत रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को दुर्घटना मृत्यु बीमा, ग्रुप टर्म इंश्योरेंस सहित कई वित्तीय सुविधाएं दी जाती हैं।

इसी क्रम में, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सेंट्रल हॉस्पिटल, बिलासपुर की पूर्व नर्सिंग सुपरिटेंडेंट स्वर्गीय अमिता पैकरा के निधन के बाद उनके परिवार को कुल 1.10 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। इसमें 1 करोड़ रुपए दुर्घटना मृत्यु बीमा कवर और 10 लाख रुपए ग्रुप टर्म इंश्योरेंस कवर के तहत दिए गए।

15 जुलाई 2026 को बिलासपुर स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने स्वर्गीय अमिता पैकरा के परिवार को सहायता राशि का चेक सौंपा।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. दर्शनिता अहलूवालिया, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (कल्याण) निकिता अग्रवाल सहित भारतीय स्टेट बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रेलवे सैलरी पैकेज के तहत रेलवे कर्मचारियों के परिवारों को 1 करोड़ रुपए तक का दुर्घटना मृत्यु बीमा कवर, 10 लाख रुपए का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस कवर और अन्य वित्तीय लाभ प्रदान किए जाते हैं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा कि यह पहल कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे कठिन परिस्थितियों में परिवारों को वित्तीय संबल मिल सके।