Tuesday, July 21, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंडः चतरा में टीएसपीसी का वांछित उग्रवादी नरेश गंझू गिरफ्तार, कई...

झारखंडः चतरा में टीएसपीसी का वांछित उग्रवादी नरेश गंझू गिरफ्तार, कई आपराधिक घटनाओं में था फरार

0
6

चतरा, 20 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत चतरा जिला पुलिस और सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के वांछित और सक्रिय उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत को गिरफ्तार कर लिया है। नरेश गंझू टीएसपीसी के शीर्ष सुप्रीमो ब्रजेश गंझू का बेहद करीबी माना जाता है और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।

सिमरिया के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) नागरगोजे शुभम भाऊ साहब ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नरेश गंझू लावालौंग थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव मंधनिया में देखा गया है। सूचना के आधार पर चतरा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस दल और सुरक्षा बलों ने मंधनिया गांव के समीप स्थित जंगलों को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख भागने की कोशिश कर रहे नरेश गंझू को जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दबोच लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादी नरेश गंझू का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ चतरा और लातेहार जिले के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लातेहार के बालूमाथ थाने में दो, चतरा के लावालौंग थाने में दो, जबकि कुंदा और सिमरिया थाने में एक-एक मामला दर्ज है।

उस पर हत्या, अपहरण, लेवी (रंगदारी) वसूलने, पुलिस टीमों पर जानलेवा हमले करने, अवैध हथियार व गोला-बारूद रखने तथा गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत कई संगीन आरोप हैं। इस ऑपरेशन में एसडीपीओ के नेतृत्व में लावालौंग थाना पुलिस, सशस्त्र बल के जवान और एसएसबी की 35वीं वाहिनी की टीम शामिल थी। एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब ने बताया कि उग्रवादी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

–आईएएनएस

एसएनसी/पीएम