Wednesday, July 22, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध पटना में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 585 ग्राम स्मैक...

पटना में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 585 ग्राम स्मैक और 5 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

0
8

पटना, 21 जुलाई (आईएएनएस)। पटना पुलिस ने मंगलवार को मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 585 ग्राम स्मैक और 5.010 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थों के साथ एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। पहली कार्रवाई राजीव नगर थाना क्षेत्र के नेपाली नगर में की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल सवार को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके हेलमेट में छिपाकर रखे गए दो काले पाउच से कुल 1,509 पुड़िया स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक का कुल वजन 585.37 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 1,509 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था)-02 कोमल मीणा ने बताया कि बरामदगी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर राजीव नगर थाना लाया गया, जहां उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 6.70 लाख रुपए आंकी गई है तथा मामले की आगे की जांच की जा रही है।

इसी दिन दूसरी कार्रवाई नदी थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर में अवैध मादक पदार्थ रखकर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01, फतुहा के निर्देशन एवं नदी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम ने संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान घर से 5.010 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पटना पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में मादक पदार्थों की आपूर्ति और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।