Friday, July 24, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर के घर से 2.65 करोड़...

महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर के घर से 2.65 करोड़ के सामान चोरी

0
5

मुंबई, 24 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के विधानपरिषद के उपसभापति सचिन अहीर के घर से 5 साल में 2.65 करोड़ रुपये के कीमती सामान की चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है जबकि तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, शिवसेना शिंदे गुट के एमएलसी और महाराष्ट्र के विधानपरिषद के उपसभापति सचिन अहीर के घर से पिछले 5 साल में 2.7 करोड़ रुपये के कीमती सामान की चोरी हुई है। चोरी गए सामान में 100 ग्राम का सोने का बिस्किट, हीरे जड़े सोने के कंगन, हीरे जड़ी सोने की अंगूठी, पांच हीरे के हार, हीरे की अंगूठियां, चांदी के गिलास, चांदी की थालियां और लोटे शामिल हैं। साथ ही नकद पैसे भी चोरी हुए हैं।

13 अक्टूबर 2025 को कथित शॉर्ट सर्किट से लगी आग में घर क्षतिग्रस्त हो गया था, इसके बाद परिवार ने शुरू में यह माना कि घरेलू खर्च के लिए निकाले गए नकदी भी आग में जलकर नष्ट हो गए थे। बाद में जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो पता चला कि रिकॉर्डिंग के कुछ हिस्से गायब थे, जिससे संदेह और बढ़ गया। घर में चार घरेलू नौकरों ने पिछले पांच सालों में व्यवस्थित तरीके से लगभग 2.65 करोड़ रुपये की नकदी, सोने के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी किया है।

वर्ली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने चोरी मामले में प्रवीण रमेश सोलंकी को गिरफ्तार किया। कोर्ट ने आरोपी को 28 जुलाई तक क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने इस चौंकाने वाले मामले में घर के नौकर प्रवीण रमेश सोलंकी को गिरफ्तार किया है। वह पिछले 24 सालों से अहीर के घर पर काम कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, सोलंकी ने चोरी का सामान बेचने और उससे मिली रकम को अपने साथियों में बांटने की बात कबूल कर ली है। सचिन अहीर ने मुंबई क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजतिलक रोशन की देखरेख में जांच चल रही है। पुलिस इस मामले में फरार तीन आरोपियों की तलाश कर रही है।

सचिन अहीर के बेटे कृष्णा अहीर अपने परिवार के साथ वर्ली सी फेस पर स्थित गुलरुख बिल्डिंग में रहते हैं। इस घटना से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है क्योंकि महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ नेता के घर पर चोरी की यह घटना हुई है।