Friday, July 24, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन प्रदर्शनों में ‘जेन जी’ के अंदाज की नफीसा अली ने की तारीफ,...

प्रदर्शनों में ‘जेन जी’ के अंदाज की नफीसा अली ने की तारीफ, लिखा-तुमने अपनी सच्चाई को ताकत बनाया

0
7

मुंबई, 24 जुलाई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में जेन जी की डिजिटल व्यंग्य, सामूहिक एकजुटता और व्यवस्था के प्रति अविश्वास की मानसिकता प्रमुख रूप से देखने को मिली। इस पीढ़ी ने पारंपरिक नारों की जगह मीम्स, सोशल मीडिया ट्रेंड्स और पॉप कल्चर का उपयोग किया। उनका यह अंदाज अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता नफीसा अली सोढ़ी को काफी पसंद आया।

अभिनेत्री ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से जेन जी के लिए खास नोट लिखा, जिसमें उन्होंने उनकी ईमानदारी, खुलेपन की जमकर तारीफ की। अभिनेत्री ने अपने नोट को मिलेनियल मां का पत्र बताते हुए लिखा, “प्रिय जेन जी, लोगों ने तुम्हें नाजुक, जरूरत से ज्यादा भावुक और नाटकीय बताया लेकिन तुमने ईमानदारी और सच्चाई से बात कहकर अपनी पहचान बना ली। तुमने उन भावनाओं को खुलकर व्यक्त किया, जिन्हें हमें हमेशा दबाकर रखने की सीख दी गई थी। तुमने यह सिखाया कि अपनी भावनाओं पर बात करना कमजोरी नहीं बल्कि सामान्य बात है।

उन्होंने कहा, “शायद हम मिलेनियल्स ने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा दूसरों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश में बिताया लेकिन तुमने हमें सिखाया कि जैसे हैं, वैसे ही खुद को स्वीकार करना और सच्चाई के साथ जीना भी जरूरी है। ऐसा इसलिए नहीं कि तुम्हारे हिस्से में कम मुश्किलें आईं बल्कि इसलिए कि तुमने तय किया कि उन्हें चुपचाप सहने के बजाय उनके बारे में खुलकर बात करोगे।

अभिनेत्री ने युवा पीढ़ी को धन्यवाद देते हुए लिखा, “धन्यवाद क्योंकि तुमने यह एहसास कराया कि इंसान होना और अपनी भावनाएं व्यक्त करना बिल्कुल सामान्य बात है। क्योंकि तुम आने वाली पीढ़ियों के लिए इस दुनिया को पहले से बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हो। ढेर सारा प्यार, एक मिलेनियल मां।”

नफीसा ने अपनी पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “भारत के युवाओं को मेरा आशीर्वाद और हार्दिक सम्मान। आप जिस आत्मविश्वास और मजबूती के साथ आगे बढ़ रहे हैं और एक बेहतर भारत बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं, उस पर गर्व है।” अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट पर सीजेपी पार्टी को भी टैग किया।