Sunday, July 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली के स्वरूप नगर में जर्जर इमारत ढहने से एक मजदूर की...

दिल्ली के स्वरूप नगर में जर्जर इमारत ढहने से एक मजदूर की मौत, दो घायल

0
6

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में शनिवार को एक पुरानी इमारत को गिराने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। डेढ़ मंजिला जर्जर भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मलबे में तीन मजदूर दब गए। बचाव अभियान के दौरान तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन एक मजदूर की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल मजदूरों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को दोपहर 3:17 बजे स्वरूप नगर थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक पुरानी इमारत को तोड़ने के दौरान डेढ़ मंजिला भवन का हिस्सा ढह गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

बचाव अभियान में दमकल विभाग, एसडीएम, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), नगर निगम (एमसीडी), टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को लगाया गया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि हादसे के समय तीन मजदूर इमारत को तोड़ने और मलबा हटाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान छत का एक हिस्सा अचानक ढह गया और तीनों मजदूर मलबे में दब गए।

राहत दल ने सभी मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला। इनमें से दो मजदूरों (28 और 30 वर्ष) को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है। वहीं, करीब 40 वर्षीय एक मजदूर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद जिला अपराध जांच टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के सत्यापन के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पुरानी इमारत को तोड़ने के दौरान छत का अचानक ढह जाना सामने आया है।