सिडनी, 26 जुलाई (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड राज्य में पुलिस की गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने क्वींसलैंड पुलिस सेवा (क्यूपीएस) के हवाले से बताया कि, शनिवार शाम करीब 5:10 बजे केर्न्स शहर के उपनगर माउंट शेरिडन की बेंजामिना स्ट्रीट पर पुलिस को एक हथियारबंद लूट की कोशिश की सूचना मिली थी। बताया गया कि एक व्यक्ति वारदात के बाद पैदल ही मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद अधिकारियों ने 28 वर्षीय व्यक्ति को एक गोलचक्कर के पास देखा। पुलिसकर्मियों ने जब उससे बातचीत करने की कोशिश की, तो फॉस्टर रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान उसे गोली लग गई।
पुलिस के अनुसार, इस झड़प के दौरान एक आम महिला भी गोली लगने से घायल हो गई। अधिकारियों ने तुरंत दोनों को प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए केर्न्स बेस हॉस्पिटल ले जाया गया।
क्यूपीएस ने बताया कि इस घटना में कोई पुलिस अधिकारी घायल नहीं हुआ है। घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई है और फिलहाल आम लोगों की सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच एथिकल स्टैंडर्ड्स कमांड कर रही है, जिसकी निगरानी क्राइम एंड करप्शन कमीशन द्वारा की जा रही है।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) राज्य में गोलीबारी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 22 जनवरी को सिडनी के पश्चिम में हुई एक गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
एनएसडब्ल्यू पुलिस के अनुसार, सिडनी से करीब 450 किलोमीटर पश्चिम में स्थित लेक कारगेलिगो कस्बे में गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद आपातकालीन सेवाओं को बुलाया गया था। पुलिस ने पुष्टि की थी कि इस घटना में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हुई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर लेकिन स्थिर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
वहीं, 18 जनवरी को सिडनी के पश्चिमी इलाके में एक सार्वजनिक स्थान पर हुई गोलीबारी में एक 46 वर्षीय व्यक्ति घायल हो गया था। पुलिस के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोगों ने एक घर पर कई गोलियां चलाई थीं, जिसमें एक निवासी घायल हुआ था। उसे एनएसडब्ल्यू एंबुलेंस कर्मियों ने उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया था, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई थी।

