Friday, July 31, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध मुंबई पुलिस का एक्शन, एक वर्ष के लिए 12 अपराधियों के खिलाफ...

मुंबई पुलिस का एक्शन, एक वर्ष के लिए 12 अपराधियों के खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई

0
5

मुंबई, 30 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने उत्तर परिमंडल-3 में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 अपराधियों को एक वर्ष के लिए मुंबई शहर और उपनगर की सीमाओं से तड़ीपार कर दिया है।

इस कार्रवाई पर पुलिस उपायुक्त गजानन शिवलिंग राजमाने ने बताया कि कस्तूरबा मार्ग, समता नगर, दहिसर समेत विभिन्न पुलिस थानों से प्रस्ताव मिलने के बाद सभी मामलों की जांच कर अंतिम आदेश जारी किए गए।

उन्होंने कहा कि जिन अपराधियों के खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई हुई है, वे हत्या, लूट, मारपीट और लोगों में दहशत फैलाने जैसे गंभीर अपराधों में शामिल हैं। ऐसे अपराधियों के रिकॉर्ड की जांच कर कानून के तहत कार्रवाई की जाती है, ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में रह सकें।

डीसीपी राजमाने ने कहा कि पुलिस आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई तड़ीपार अपराधी अपने क्षेत्र में दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत 100, 112, नजदीकी पुलिस स्टेशन या पुलिस के सोशल मीडिया और कार्यालय के माध्यम से दें। उन्होंने कहा कि तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने वालों पर महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का इसी तरह का एक दूसरा मामला गुरुवार को बिहार से सामने आया, जहां बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाली नोट के कारोबार और रुपए दोगुना-तीन गुना करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार पुलिस का एक बर्खास्त बीएमपी जवान और दो बर्खास्त होमगार्ड जवान भी शामिल हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार पुलिस से बर्खास्त सिपाही बिदुर सहनी अपने साथियों के साथ जाली नोट के कारोबार, ठगी और हथियार के बल पर लूटपाट जैसी वारदातों को अंजाम देता है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने कुंवारी देवी चौक पर छापेमारी कर मुख्य सरगना बिदुर सहनी को उसके दो सहयोगियों आकाश कुमार और प्रदीप कुमार जायसवाल के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से जाली नोट और नकद राशि बरामद की गई।