Friday, July 31, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth बेंगलुरु पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर हमले के बाद दर्ज किया केस, आइसा...

बेंगलुरु पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर हमले के बाद दर्ज किया केस, आइसा ने एबीवीपी के शामिल होने का लगाया आरोप

0
7

बेंगलुरु, 31 जुलाई (आईएएनएस)। हाल ही में नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल एक छात्र पर कथित हमले को लेकर कर्नाटक पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी कि पंजाब के 19 वर्ष के छात्र पर गुरुवार देर रात जालहल्ली में बीएल सर्कल के पास चार लोगों ने कथित तौर पर हमला किया।

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की ओर से इस घटना में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के शामिल होने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित की पहचान अमनदीप सिंह के तौर पर हुई है, जिसके पैर में गंभीर चोटें आईं और उसका अभी इलाज चल रहा है।

जलाहल्ली पुलिस की तरफ से दर्ज एफआईआर के मुताबिक, अमनदीप डिनर के बाद लौट रहा था और बीईएल सर्कल सर्विस रोड से एमईएस रोड की तरफ जा रहा था, तभी यह घटना हुई। कहा जा रहा है कि मास्क पहने चार लोग दो मोटरसाइकिलों पर आए, उसे रोका और हमला करने से पहले उसकी पहचान कन्फर्म की।

पुलिस ने कहा कि हमलावरों ने कथित तौर पर छात्र को गालियां दीं और उससे नीट पेपर लीक प्रोटेस्ट में शामिल होने के बारे में पूछा और कहा कि क्या वह चाहता है कि प्रधानमंत्री मोदी इस्तीफा दें। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर अमनदीप पर हमला किया, उसके पैर को निशाना बनाया। बाद में आरोपी मौके से भाग गए।

हमले में छात्र के पैर में गंभीर चोट आई। वारदात के बाद पीड़ित जलाहल्ली पुलिस स्टेशन गया और घटना की पूरी जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच शुरू की गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस वारदात के बाद से स्टूडेंट ग्रुप और एक्टिविस्ट की चिंता बढ़ गई है। इस मामले में उनकी ओर से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

एक बयान में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की ओर से कहा गया कि आइसा के एक सदस्य पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संदिग्ध गुंडों ने हमला किया। आइसा के बयान में कहा गया, “गुंडों ने पीड़ित को धमकाते हुए पूछा, ‘तुम्हारी हिम्मत है मोदी का इस्तीफा मांगने की?’ पीड़ित के पैर में गंभीर चोटें आईं, जिस पर प्लास्टर चढ़ाना पड़ा।”

आइसा ने कहा, “पीड़ित छात्र धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और मौजूदा भाजपा सरकार के अपने नागरिकों को शिक्षा जैसी बेसिक चीज देने में पूरी तरह नाकाम रहने के खिलाफ देशभर में चल रहे स्टूडेंट-यूथ मूवमेंट के साथ एकजुटता दिखाने के लिए फ्रीडम पार्क में हो रहे प्रोटेस्ट में एक्टिव रूप से हिस्सा ले रहा था। जलाहल्ली पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।”

आइसा ने कहा, “हम अपने साथी पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं और मांग करते हैं कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हम बेंगलुरु पुलिस से जल्द न्याय और गृह विभाग से तुरंत दखल की मांग करते हैं।”