नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। ई-20 पेट्रोल मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को पीएम मोदी आवास की ओर विरोध मार्च निकाला। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि सरकार को अपने फैसले को वापस लेने की जरूरत है। ई-20 पेट्रोल से लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं और माइलेज कम हो रहा है।
विधायक संजीव झा ने आईएएनएस से कहा कि लगभग 6 लाख से ज्यादा लोग ऑनलाइन जुड़े हुए थे और विरोध मार्च के दौरान लोगों ने अपनी पीड़ा बताई। इससे पता चलता है कि यह एक बड़ा मुद्दा है। लोग इससे प्रभावित हैं, लेकिन सरकार बात सुनने को तैयार नहीं है। सरकार अतार्किक बातें कर रही है। लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं और माइलेज कम हो गया है। लोगों ने वोट देकर आपको चुना और आप ही सबको परेशान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल बार-बार सरकार से इस फैसले को वापस लेने का निवेदन कर रहे हैं। ऐसा नहीं होने पर जनता प्रधानमंत्री मोदी के द्वार पर जाकर अनुरोध करेगी। यह मुद्दा किसी पार्टी विशेष का नहीं है, पेट्रोल में इथेनॉल के मिश्रण से जनता परेशान है।
आप विधायक जरनैल सिंह और कुलदीप सिंह ने कहा कि पेट्रोल में मिलावट से लोग परेशान हैं। ई-20 पेट्रोल से गाड़ी के माइलेज और मेंटेनेंस, दोनों इश्यू पैदा हो रहे हैं। करोंड़ो लोग इसका खामियाजा भुगत रहे हैं लेकिन सरकार को समझ नहीं आ रहा है। इसी सिलसिले में आज नेशनल टाउनहॉल अगेस्ट ई-20 दिल्ली के कांस्टीट्यूशनल क्लब में रखा गया है। लोग यहां पर आकर अपनी समस्याएं बता रहे हैं कि किस तरह से ई-20 वाले पेट्रोल से गाड़ी खराब हो रही है। जब तक जनता सड़कों पर उतरकर जोर-जोर से आवाज नहीं उठाएगी, सरकार को सुनाई नहीं देगा।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने आईएएनएस से कहा कि हमारी छोटी से मांग है। ई20 पेट्रोल की वजह से लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं। कई जगह 30 से 40 प्रतिशत माइलेज कम हुआ है। जिसको शुद्ध पेट्रोल लेना है उसे मुहैया कराया जाए और जिसे मिलावटी खरीदना है वह वही लेता रहे।
अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से तीन मांगें की हैं। पहली-हर पेट्रोल पंप पर ई-20 और शुद्ध पेट्रोल दोनों का विकल्प मिले। दूसरी-ई 20 शुद्ध पेट्रोल से सस्ता होना चाहिए और तीसरी शुद्ध पेट्रोल की कीमत 84 रुपए से कम होनी चाहिए। उन्होंने कहा, ई-20 के खिलाफ 2 लाख से ज्यादा लोगों ने पिटीशन पर साइन किया है। 4 अगस्त को दोपहर 12 बजे मैं यह पिटीशन लेकर प्रधानमंत्री मोदी को जनता की आवाज सुनाने जाऊंगा

