लखनऊ, 2 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने भाजपा पर निशाना साधा और कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आतंकवाद, युवाओं और विधानसभा में उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
फखरुल हसन चांद ने आईएएनएस से कहा, “भाजपा आतंकवाद को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार देश को आंतरिक और बाहरी सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 सालों में आंतरिक सुरक्षा पूरी तरह से विफल रही है।
श्रमिक परिवारों के साथ हुई घटनाओं पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती है, खासकर उन मजदूर परिवारों के प्रति जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है। हम मांग करते हैं कि उन परिवारों को अधिकतम आर्थिक सहायता और सुरक्षा दी जाए।” जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई थी।
पीएम मोदी के मैसूर में ‘युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए फखरुल हसन चांद ने कहा, “सपा समझती है कि देश का नवजवान देश का भविष्य है। उसी देश के नौजवानों पर भाजपा ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया। जब वे जनहित के मुद्दे पर आंदोलन कर रहे थे, उनको खालिस्तानी, पाकिस्तानी कहा गया और न जाने किन-किन नामों से नवाजा गया। मुझे लगता है कि भाजपा को समझना चाहिए कि ये बच्चे देश के भविष्य हैं। ये अपनी मांग के लिए सड़क पर उतरे थे। भाजपा को युवाओं से कोई लेना देना नहीं है।”
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर उन्होंने कहा कि “सपा को ओवैसी के बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करनी है क्योंकि ओवैसी के दल का यूपी में कोई जनाधार नहीं है। जो दल लगातार समाजवादी पार्टी पर 50 हजार सवाल उठाता है, 5 हजार कमियां गिनाता है, वही दल गठबंधन की भी बात करता है। सपा समझती है कि यूपी में सपा भाजपा को हराएगी। 2027 में सपा भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।”
बता दें कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को गठबंधन का खुला प्रस्ताव दिया है।
सोमवार से शुरू हो रहे यूपी विधानसभा के सत्र को लेकर फखरुल हसन चांद ने कहा, “जिस तरह से यूपी में काफी विद्यालय बंद हो रहे हैं। किसानों और मजदूरों की समस्याएं हैं, छात्रों की समस्याएं हैं और राम मंदिर चढ़ावे का मुद्दा है। जनता से जुड़े सभी मुद्दों को सपा सदन में उठाने का काम करेगी।”

