लखनऊ, 2 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार की कवायद के बीच रविवार को हापुड़ में अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने का दावा किया। हापुड़ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष पुष्पा और वर्ष 2017 में हापुड़ (सुरक्षित) विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी रहे श्रीपाल सिंह ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए इसे हापुड़ में संगठन के लिए अहम मजबूती बताया। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पंकज चौधरी ने दोनों नेताओं को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि इनके पार्टी से जुड़ने से हापुड़ जनपद में संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा भाजपा का जनाधार विस्तृत होगा।
इस मौके पर पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और विकास की नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग लगातार भाजपा का दामन थाम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से कार्य करने वाला संगठन है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी ताकत हैं और संगठन सभी को समान अवसर प्रदान करता है। प्रदेश अध्यक्ष ने नवसदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि पुष्पा और श्रीपाल सिंह भाजपा की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन के आगामी अभियानों और कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

