लखनऊ, 3 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ गाकर हुई। राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘वंदे मातरम’, विधानसभा की कार्यवाही, समाजवादी पार्टी के आरोपों और सांसद पप्पू यादव को कथित जान से मारने की धमकी जैसे मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी।
राज्य मंत्री दानिश आजाद ने विधानसभा की कार्यवाही ‘वंदे मातरम’ से शुरू होने को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह गीत केवल एक राष्ट्रगान जैसा भाव नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, गौरव, उन्नति और समृद्धि की भावना का प्रतीक है। अपने देश का गुणगान करना, देश पर गर्व करना और विश्व मंच पर भारत की संस्कृति एवं विकास को प्रदर्शित करना ही ‘वंदे मातरम’ की मूल भावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उठाए गए इस कदम के साथ उत्तर प्रदेश भी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और उद्योग सहित हर क्षेत्र में विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की उन्नति और समृद्धि सुनिश्चित करना है।
समाजवादी पार्टी द्वारा यह आरोप लगाए जाने पर कि सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बचने के लिए सदन का समय कम कर रही है, दानिश आजाद ने विपक्ष पर ही सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता देखती है कि सदन की कार्यवाही कौन बाधित करता है। हाल ही में विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने लगातार हंगामा किया और सार्थक चर्चा नहीं होने दी। समाजवादी पार्टी हमेशा आम जनता के मुद्दों और प्रदेश के विकास पर गंभीर चर्चा से बचती है तथा विधानसभा और विधान परिषद दोनों में व्यवधान उत्पन्न करती है।
दानिश आजाद ने कहा कि योगी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है और सरकार की साफ नीयत और सही नीति ही विपक्ष की परेशानी का कारण है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी ‘वंदे मातरम’ से विधानसभा सत्र की शुरुआत किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देश के क्रांतिकारियों ने ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष करते हुए आजादी की लड़ाई लड़ी और अंग्रेजों को देश छोड़ने पर मजबूर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति के कारण सत्ता में आने के बाद ‘वंदे मातरम’ को अलग कर दिया था। अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने दोनों सदनों की कार्यवाही की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से कराकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है, जिससे उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा प्रदेश में 26 हजार से अधिक स्कूल बंद किए जाने के आरोप पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जैसी सोच होती है, वैसी ही दृष्टि हो जाती है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक और गुणात्मक सुधार हुए हैं। सरकार ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय विद्यालय विकसित किए हैं। पिछली सरकार जिन विद्यालयों को बदहाल स्थिति में छोड़ गई थी, उनका कायाकल्प किया गया है और आज सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षा का स्तर पहले की तुलना में काफी बेहतर हुआ है।
लोकसभा सांसद पप्पू यादव द्वारा जान से मारने की धमकी मिलने के दावे पर उपमुख्यमंत्री ने संक्षिप्त टिप्पणी दी। उन्होंने कहा कि वह ऐसे बकवास करते हैं।

