Tuesday, August 4, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘बांकीपुर में भाजपा की हार’, कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने पप्पू यादव...

‘बांकीपुर में भाजपा की हार’, कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने पप्पू यादव पर हमले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

0
5

नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने सोमवार को बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों से लेकर पप्पू यादव पर हमले, झारखंड में छात्रों के विरोध, अभिनेत्री कंगना रनौत के बयान और पंजाब कांग्रेस के मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर का नतीजा भाजपा की हार है।

कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह तानाशाही की हार है। बांकीपुर राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट है। जनता का बड़ा जवाब है कि सरकार जो तानाशाही कर रही है, वह बंद करे, क्योंकि वोटरों ने निर्णय ले लिया है कि भाजपा को हटाना है और देश को बचाना है।”

कंगना रनौत द्वारा मुस्लिम से शादी के बाद एक्ट्रेस के कट्टरपंथी बन जाने वाले बयान पर मनोज कुमार ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “वह बयानवीर हैं। वह समय-समय पर अपना बयान देती रहती हैं। सभी को उनके बारे में पता है। पीएम मोदी और गृहमंत्री से मेरी अपील है कि वह अपने सांसदों को बैठाकर बताएं कि क्या बोलना है और क्या नहीं। जनता ने हमें चुनकर सदन में भेजा है और हमारे एक-एक शब्द की कीमत है। ऐसा कुछ नहीं बोलना चाहिए, जिससे धर्म, जाति और संप्रदाय आहत हो और लोगों को किसी शब्द से चोट पहुंचे।”

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पर हुए हमले को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। मनोज कुमार ने कहा, “ऐसा एक सांसद के साथ नहीं होना चाहिए। एक सांसद के ऊपर चप्पल फेंकना और चाकू चलाना गलत है। ऐसे गलत काम करने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। दिल्ली में हम लोगों की सुरक्षा बहुत अच्छा नहीं है। सरकार को सांसदों को सुरक्षा बढ़ानी चाहिए।”

झारखंड में छात्र आंदोलन के सवाल पर उन्होंने कहा, “बच्चों का आंदोलन पूरे देश में हुआ, झारखंड में भी हुआ, लेकिन एक बात से लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि झारखंड की सरकार विकास की सरकार है। वहां के मुख्यमंत्री हमेशा जनता के बीच रहते हैं।”