Wednesday, August 5, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध बिहार : पूर्वी चंपारण में 54 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर...

बिहार : पूर्वी चंपारण में 54 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, कार और नकदी भी जब्त

0
3

मोतिहारी, 5 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्वी चंपारण जिले की कुंडवा चैनपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 किलोग्राम गांजा जैसे मादक पदार्थ के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, तीन मोबाइल फोन और 10,800 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिकरहना अभिषेक कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बसंतपुर गांव की ओर से एक कार में गांजा लेकर चकिया की तरफ तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए बसा खुर्द सैनिक रोड पर वाहन की घेराबंदी कर छापेमारी की गई।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कार सवार दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से 54 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ, तीन मोबाइल फोन, 10,800 रुपये नकद और एक कार बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के गंगा सिरिसिया निवासी कमलेश कुमार तथा मुजफ्फरपुर निवासी संजय कुमार तिवारी के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनकी निशानदेही पर बसंतपुर निवासी विनोद मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत कुंडवा चैनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।