ग्रेटर नोएडा, 7 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा की विभिन्न आवासीय सोसाइटियों और सेक्टरों में लंबे समय से बनी हुई स्ट्रे डॉग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक नई पहल शुरू की है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अब प्रत्येक गुरुवार को सोसाइटीवार बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें संबंधित सभी पक्षों को एक मंच पर लाकर आपसी सहमति से डॉग फीडिंग प्वाइंट तय किए जा रहे हैं।
प्राधिकरण का कहना है कि आवारा कुत्तों को लेकर कई सोसाइटियों में निवासियों और डॉग फीडर्स के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते कानूनी लड़ाई तक पहुंच जाते हैं। ऐसे मामलों को रोकने और सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की गई है। बैठकों की अध्यक्षता ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक आर.के. भारती करते हैं। इनमें मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति (एसपीसीए), प्राधिकरण के पशु चिकित्सक, एचसीएल फाउंडेशन के प्रतिनिधि, अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन (एओए), एस्टेट मैनेजर तथा डॉग फीडर्स भी शामिल होते हैं।
बैठक के दौरान सभी पक्षों के सुझाव लिए जाते हैं और आपसी सहमति से डॉग फीडिंग प्वाइंट चिन्हित करने पर जोर दिया जाता है। साथ ही प्रतिभागियों को एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) नियमों और पशु संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी जाती है, ताकि भविष्य में अनावश्यक विवादों से बचा जा सके। प्राधिकरण ने 31 दिसंबर 2026 तक 24 सोसाइटियों के लिए तिथिवार बैठक कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।
23 जुलाई से इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है और अब तक सेवियर ग्रीन आर्क, पार्श्वनाथ पैनोरमा तथा महागुन मायवुड सोसाइटी के साथ तीन बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। अगली बैठक 13 अगस्त को टेकजोन-4 स्थित हिमालया प्राइड सोसाइटी के साथ दोपहर एक बजे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के छठे तल स्थित बोर्ड रूम में आयोजित होगी। इसके बाद 20 अगस्त को जेपी ग्रींस, 27 अगस्त को येस सिटी सेक्टर-1, 3 सितंबर को गौर सिटी-1 स्थित एआईजी पार्क एवेन्यू, 10 सितंबर को एटीएस ग्रीन पैराडिसो, 17 सितंबर को अम्रपाली गोल्फ होम, 24 सितंबर को एनटीपीसी आनंदम, 1 अक्टूबर को पटेल नियो टाउन सहित अन्य सोसाइटियों के साथ चरणबद्ध तरीके से बैठकें आयोजित की जाएंगी।
दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक पंचशील, श्री राधा स्काई गार्डन और अंतरिक्ष गोल्फ लिंक जैसी प्रमुख सोसाइटियां भी इस अभियान का हिस्सा बनेंगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने उम्मीद जताई कि इस पहल से सभी सोसाइटियों में डॉग फीडिंग प्वाइंट निर्धारित करने में सहमति बनेगी, निवासियों और डॉग फीडर्स के बीच विवाद कम होंगे तथा स्ट्रे डॉग प्रबंधन को लेकर एक संतुलित और मानवीय व्यवस्था विकसित की जा सकेगी।
–आईएएनएस
पीकेटी/पीएम

