Friday, August 7, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय छिंदवाड़ा में सीएमएचओ और तहसीलदार सहित तीन अधिकारी निलंबित

छिंदवाड़ा में सीएमएचओ और तहसीलदार सहित तीन अधिकारी निलंबित

0
5

छिंदवाड़ा 7 अगस्त (आईएएनएस) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव प्रशासनिक कसावट लाने की मुहिम छेड़े हुए हैं।साथ ही लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई कर रहे हैं।इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत करते हुए छिंदवाड़ा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार और एक पटवारी को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा में जन विश्वास अभियान की शुरुआत की । इस मौके पर उन्होंने कहा कि अधिकारी शुक्रवार के दिन कार्यालय में नहीं रहेंगे बल्कि जनता के बीच जाकर उनसे संवाद करेंगे साथ ही उनकी समस्याओं का निदान भी करेंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव को छिंदवाड़ा के कुछ अधिकारियों के संबंध में शिकायत मिली जिस पर उन्होंने मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी तहसीलदार और एक पटवारी को निलंबित करने का आदेश दिया । मुख्यमंत्री यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा में अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की शुरुआत छिंदवाड़ा से होना हमारे लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इस अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी कार्यालयों में बैठने के बजाय क्षेत्र में जाकर आमजन से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगे कहा कि मैं स्वयं भी इस अभियान का हिस्सा बन रहा हूं। सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। यही मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य है। दरअसल, प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए राज्य में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत मंत्रालय से लेकर जिले तक के सभी अधिकारी अब से प्रत्येक शुक्रवार को दफ्तर छोड़कर फील्ड में जनमानस के सामने होंगे।

उन्होंने कहा कि जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में जाकर जनता से सीधा संवाद एवं जुड़ाव, शिकायतों एवं समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण करना, फील्ड की वास्तविक स्थितियों का फीडबैक प्राप्त करना, प्रशासन के पर्यवेक्षण तंत्र को सुदृढ़ करना और प्रशासन की पारदर्शी और संवेदनशील छवि का निर्माण करना है। इस अभियान में प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार के दिन संपूर्ण प्रदेश में अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर किसी भी स्तर पर कोई बैठक आयोजित नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि यह दिन केवल फील्ड भ्रमण को समर्पित रहेगा। भोपाल से लेकर संभाग और जिले तक सभी वरिष्ठ अधिकारी फील्ड भ्रमण पर रहेंगे और अभियान में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी सम्मिलित होंगे। जिला कलेक्टर एक सप्ताह पूर्व भ्रमण का क्षेत्र चिन्हित करेंगे और जन-प्रतिनिधियों को अवगत कराएंगे।

–आईएएनएस

एसएनपी/पीएम