Saturday, August 8, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने 8 विकेट खोकर 363 रनों पर घोषित की...

श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने 8 विकेट खोकर 363 रनों पर घोषित की पहली पारी, रविंदु-मदुश्का ने लगाए अर्धशतक

0
8

कोलंबो, 8 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबला नोंडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब मैदान में खेला जा रहा है। श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने अपनी पहली पारी 8 विकेट खोकर 363 रन बनाने के बाद घोषित की है।

श्रीलंका क्रिकेट इलेवन टीम वॉर्मअप मैच के दूसरे दिन बल्लेबाजी करने नहीं उतरी और उन्होंने पहले दिन के स्कोर 363/8 पर ही अपनी पारी को घोषित करने का फैसला किया। पहले दिन श्रीलंकाई टीम का पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला। टीम को निशान मदुश्का और रविंदु रसंता ने शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी निभाई। निशान ने 65 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और एक छक्के की मदद से 66 रन बनाए। वहीं, रविंदु ने 143 गेंदों का सामना करते हुए 71 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया।

पसिंदु सोरियाबंदरा ने 35 रनों का योगदान दिया, जबकि पवन रत्नायके अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 47 गेंदों में 39 रन बनाने के बाद गुरनूर बरार का शिकार बने। अहान विक्रमसिंघे ने 31 रन बनाए, तो कप्तान सोनल दिनुशा ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 71 गेंदों में 52 रन बनाए। रमेश मेंडिस 32 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, केशरा नुवंता 9 और दिलुम सुदीरा एक रन बनाकर नाबाद रहे।

हालांकि, भारत के तेज गेंदबाज वॉर्मअप मैच के पहले दिन पूरी तरह से बेअसर दिखाई दिए। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा कोई भी विकेट नहीं निकाल सके। वहीं, गुरनूर बरार सिर्फ एक विकेट ही निकाल सके। कुलदीप यादव ने 76 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि मानव सुथार ने 33 रन देकर 2 विकेट झटके।

रवींद्र जडेजा ने 64 रन खर्च करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए। वॉर्मअप मैच के पहले दिन भारतीय टीम अपने नियमित कप्तान शुभमन गिल के बिना मैदान पर उतरी थी। गिल उंगली की चोट के कारण एहतियात के तौर पर फील्डिंग करने नहीं आए थे। गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी।