Monday, August 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पिछले 2 साल में राजनांदगांव को मिले 267 करोड़, संस्कारधानी को बनाएंगे...

पिछले 2 साल में राजनांदगांव को मिले 267 करोड़, संस्कारधानी को बनाएंगे स्वच्छ-सुंदर: उपमुख्यमंत्री अरुण साव

0
5

राजनांदगांव, 9 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राजनांदगांव नगर निगम में 43.61 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इनमें 15.91 करोड़ रुपए से बनने वाला 2,000 सीटों वाला ऑडिटोरियम भी शामिल है, जो बनने के बाद छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा ऑडिटोरियम होगा।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “राजनांदगांव नगर निगम में 43.61 करोड़ रुपए के कई कार्यों की आधारशिला रखी गई। इसमें 15.91 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला 2,000 सीटों वाला ऑडिटोरियम भी शामिल है। यह ऑडिटोरियम छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा ऑडिटोरियम होगा और राजनांदगांव में बनाया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि विष्णु देव साय सरकार बनने के बाद पिछले दो सालों में राजनांदगांव के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। पिछले दो सालों में विष्णु देव साय के नेतृत्व में अलग-अलग योजनाओं के तहत राजनांदगांव नगर निगम को 267 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।”

अरुण साव ने कहा, “विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मेयर और अन्य जनप्रतिनिधियों ने राजनांदगांव के लिए कुछ मांगें रखी हैं। हम उन मांगों को धीरे-धीरे पूरा करेंगे। राजनांदगांव हमारी संस्कारधानी है। राजनांदगांव को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर सुविधाओं से लैस बनाने के लिए, राज्य सरकार निश्चित रूप से इसके लिए जरूरी फंड मंजूर करेगी।”

इसी दिन उपमुख्यमंत्री अरुण साव छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर शतरंज चैंपियनशिप में भी शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आज छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर शतरंज चैंपियनशिप में विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह के साथ सम्मिलित हुआ। इस अवसर पर नन्हें खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनसे शतरंज खेल को लेकर चर्चा की।”

उन्होंने नन्हें खिलाड़ियों के हौसले की तारीफ करते हुए कहा, “उनके चेहरे पर खेल के प्रति उत्साह और जीत का जज्बा साफ दिखाई दे रहा था। उन्हें अच्छे खेल के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए शुभकामनाएं दीं। विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस प्रतियोगिता से छत्तीसगढ़ को कई प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ी मिलेंगे।”

इस अवसर पर सांसद संतोष पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, ओलंपिक संघ अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, पूर्णिमा साहू, दिग्विजय स्टेडियम सचिव रमेश पटेल, सह सचिव योगेश बागड़ी सहित खेल संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की सफलता और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।