Monday, August 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मध्य प्रदेशः राजगढ़ जिले में बाढ़ के हालात ; पानी में बही...

मध्य प्रदेशः राजगढ़ जिले में बाढ़ के हालात ; पानी में बही कार, चार बच्चों समेत 9 लापता

0
5

राजगढ़, 10 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी तरह राजगढ़ जिले में रविवार रात से जारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। जिले के क‌ई कस्बे और शहर जलमग्न हो गए हैं।

जिले के सारंगपुर ब्लाक के पड़ाना में सोमवार रात को एक परिवार ईको कार में सवार होकर नए बाईपास से होकर देवास जिले के सतवास से सारंगपुर के कड़लावद जा रहा था। इस दौरान बाईपास पर बने पुल पर बारिश का पानी भर गया था। बाहर से आए चालक को पानी की गहराई और पुल की स्थिति का अंदाजा नहीं लगा। कार पानी में उतरते ही असंतुलित होकर बह गई। कार में सवार 11 लोगों में से दो किसी तरह बाहर निकल आए जबकि चार बच्चों समेत नौ लोग और कार का अब तक पता नहीं चला है।

ग्रामीणों ने बताया कि बाईपास के पुल पर पानी भरा हुआ था। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने ईको चालक को पुल की ओर जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और जोखिम उठाते हुए वाहन को आगे ले गया। इसके बाद पानी के तेज बहाव में ईको कार बह गई। फिलहाल मौके पर रेस्क्यू टीम, पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है। लापता लोगों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना की सूचना लगने के बाद एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी सारंगपुर सहित पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने तलाश शुरू की। क्रेन की मदद से पानी में कार और लापता लोगों की तलाश की जा रही है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हैं। इस हादसे के समय कार में कुल 11 लोग सवार थे। इनमें तीन पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल थे। फिलहाल कार और लापता लोगों की तलाश जारी है।

बता दें कि बारिश और जलभराव के कारण भोपाल सहित कई जिलों में सभी स्कूलों को प्रशासन ने बंद करा दिया है।