Tuesday, August 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी की अपील-घरों में उत्सव की तरह मनाएं ‘हर घर तिरंगा,...

पीएम मोदी की अपील-घरों में उत्सव की तरह मनाएं ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’

0
5

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को उत्सव के रूप में मनाने की अपील की है।

पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “आइए, हर घर तिरंगा को हर घर में एक उत्सव के रूप में मनाएं।” आइए 15 अगस्त को आन-बान-शान से मनाएं, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत का संकल्प लें।” देशवासियों से अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा। आइए, हर घर पर तिरंगा लहराइए।”

पीएम मोदी द्वारा शेयर वीडियो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ एनडीए के नेता दिखाई दिए। इससे पहले मंगलवार को संसद पुस्तकालय में आयोजित ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरंगा ध्वज के साथ नजर आए। इस दौरान सभी सांसदों के हाथ में तिरंगा था और उन्होंने वंदे मातरम के नारे भी लगाए।

पीएम मोदी की अपील पर सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि आइए, स्वतंत्रता के अमर सेनानियों को नमन करें, जिन्होंने अपने त्याग, तप और बलिदान से भारत की स्वाधीनता का मार्ग प्रशस्त किया। पीएम मोदी ने ने हर दिल्लीवासी और हर भारतवासी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का राष्ट्रपर्व बनाने का आह्वान किया है। आइए, अपने घर पर तिरंगा फहराएं, वीरों के बलिदान को स्मरण करें और राष्ट्रगौरव के इस उत्सव को हर गली, हर कॉलोनी तक पहुंचाएं। हर घर तिरंगा। हर मन तिरंगा। भारत माता की जय।

उन्होंने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक आयोजित हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ें और अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपने गौरव, सम्मान और समर्पण की भावना को अभिव्यक्त करें। साथ ही, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्षों के अवसर पर इसकी अमर भावना और माँ भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले बलिदानियों को नमन करें।

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में संसद भवन परिसर में आयोजित एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक के दौरान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से ओतप्रोत अद्भुत दृश्य देखने को मिला। एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं द्वारा एक साथ तिरंगा लहराने और ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष करने का यह दृश्य प्रत्येक देशवासी के हृदय में गर्व और राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल करने वाला है।

इसी कड़ी में भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हाथों में तिरंगा, कंठ में ‘वंदे मातरम्’ का जयघोष और मन में राष्ट्रभक्ति का भाव। ‘मंगल मिलन’ संसदीय बैठक के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ तिरंगा लहराने का यह क्षण अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकजुटता और राष्ट्रसेवा के संकल्प से ओतप्रोत यह दृश्य सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

ज्ञात हो कि पीएम मोदी द्वारा शुरू किए गए हर घर तिरंगा अभियान हर साल भाजसा शासित प्रदेशों में चलाया जाता है। इस अभियान के तहत बाइक रैली के साथ ही साथ लोगों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर घरों के ऊपर तिरंगा लहराया जाता है।