मुंबई, 12 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई के कुर्ला (पश्चिम) के अशोक नगर, टेकड़ी क्रमांक 3 पर बुधवार सुबह हुए भूस्खलन में अब तक 6 लोगों की मौत की प्रशासन ने पुष्टि की है। वहीं, हादसे में घायल हुए 4 लोगों का इलाज कुर्ला भाभा अस्पताल में चल रहा है।
दरअसल, मुंबई में लगातार हो रहे बारिश के कारण बुधवार सुबह 3 से 3.45 बजे के बीच अचानक पहाड़ का कुछ हिस्सा चॉल के 2 से 3 घरों पर गिर गया। सूचना मिलते ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक, मुंबई अग्निशमन दल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), मुंबई पुलिस, एंबुलेंस और अन्य सभी एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
राजावाड़ी अस्पताल की सीएमओ डॉ. शीतल राउत ने बताया कि मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), अज्ञात (45), अबान आरिफ शेख (2), मन्नत आरिफ शेख (4) और मर्जिना आरिफ शेख (27) को अस्पताल लाने पर मृत घोषित कर दिया गया। कुर्ला भाभा अस्पताल के एमएस डॉ. वर्मा ने बताया कि हादसे में घायल सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) का इलाज किया जा रहा है और सभी की हालत स्थिर है।
मुंबई की महापौर रितू तावडे ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “कुर्ला वेस्ट में अशोक नगर, हिल नंबर 3 पर बुधवार सुबह हुई भूस्खलन की दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी मिलने पर मैंने घटनास्थल पर गया और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। इस दुखद घटना में मिट्टी और मलबा कुछ घरों पर गिर गया, जिससे लोगों की जान चली गई। इस मुश्किल समय में मैंने प्रभावित परिवारों के दुख में हिस्सा लिया और उन्हें सांत्वना दी। मैंने उन्हें यह भरोसा भी दिलाया कि प्रशासन हर संभव मदद दे रहा है और आगे भी देता रहेगा।”
महापौर ने कहा, “बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी), मुंबई फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ, मुंबई पुलिस और 108 एम्बुलेंस सेवाओं समेत सभी संबंधित विभाग बचाव कार्य करने के लिए घटनास्थल पर युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। हालांकि, घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता बहुत संकरा होने के कारण बचाव कार्यों में मुश्किलें आ रही हैं, फिर भी मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ज़ोर-शोर से कोशिशें की जा रही हैं।”
महापौर ने कहा, “इस त्रासदी में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिवार को 4 लाख की तत्काल आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि घायलों को इलाज के लिए 50,000 रुपये की चिकित्सा सहायता दी जाएगी। हम मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। बचाव कार्य पूरा होने तक प्रशासन स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है।”

