Thursday, August 13, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध बिहार : वैशाली में ठेकेदार की गोलियों से भूनकर हत्या, चार अपराधियों...

बिहार : वैशाली में ठेकेदार की गोलियों से भूनकर हत्या, चार अपराधियों ने अंजाम दी घटना

0
9

हाजीपुर, 13 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार सुबह अपराधियों ने एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी पश्चिम इलाके में हुई। मृतक की पहचान दिग्घी पश्चिम निवासी ठेकेदार रामनरेश राय के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस के अनुसार, रामनरेश राय सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। वह घर से कुछ दूरी पर पहुंचे ही थे कि दो बाइक पर सवार चार अपराधी वहां पहुंचे और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से रामनरेश राय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि रामनरेश राय मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी बीच दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। उन्होंने बताया कि रामनरेश राय को चार-पांच गोलियां लगी हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि रामनरेश राय विभिन्न सरकारी विभागों में ठेकेदारी का काम करते थे। प्रारंभिक जांच में करीब एक महीने पहले जमीन विवाद से जुड़ा मामला सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पुरानी रंजिश और जमीन-जायदाद से जुड़े विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया। दिघी नया टोला और आसपास के इलाकों में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी में जुटी है।

–आईएएनएस

एमएनपी/पीएम