Saturday, August 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय स्वाधीनता दिवस: मध्य प्रदेश में मंत्रियों ने बच्चों के साथ किया सह...

स्वाधीनता दिवस: मध्य प्रदेश में मंत्रियों ने बच्चों के साथ किया सह भोज

0
5

भोपाल, 15 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में स्वाधीनता दिवस की सालगिरह धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर राज्य सरकार के मंत्रियों ने शालाओं में पहुंचकर बच्चों के साथ सहभोज किया। रीवा जिले में आयोजित स्वाधीनता दिवस समारोह में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला शामिल हुए इस अवसर पर जिले में सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में विशेष मध्यान्ह भोज का आयोजन किया गया।

जिला स्तरीय विशेष मध्यान्ह भोज शासकीय विद्यालय सिलपरा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि तिरंगा हम सबके आन-बान और राष्ट्र के गौरव का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होकर हम सब शहीदों को नमन करें और देश के विकास में योगदान दें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विश्वगुरू बनने की ओर अग्रसर है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति है। इस विकास का सच्चा लाभ जेन-जी युवा पीढ़ी को मिलेगा।

उन्‍होंने कहा कि युवा पीढ़ी संस्कारयुक्त शिक्षा प्राप्त कर अच्छा कॅरियर बनाए और देश के विकास में योगदान दे। युवाओं के कंधों पर ही देश का भविष्य टिका है। नशे की बुराई से दूर रहकर अच्छे कार्यों से अपने को जोड़ें। रीवा में पुलिस ने नशे के विरूद्ध अभियान में सराहनीय कार्य किया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सिलपरा में माध्यमिक शाला को हाईस्कूल और उसके बाद हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नत किया गया है। जिससे आसपास के विद्यार्थियों विशेषकर बेटियों को शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े। स्कूल के नए भवन के निर्माण में जो कमियां हैं उन्हें शीघ्र पूरा कराकर नया भवन लोकार्पित किया जाएगा, जिससे बच्चों को पढ़ने के लिए पर्याप्त कक्षाएं मिल सकें। नए भवन तक जाने के लिए सड़क निर्माण भी कराया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस में हम सब देश पर प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को नमन करें और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पौधे रोपित करें।

प्राचार्य द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ। समारोह के बाद उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन नवीन भवन का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को भवन की कमियां दूर करने के निर्देश दिए।

इसी तरह, जबलपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने पंडित लज्‍जा शंकर झा उत्‍कृष्‍ट उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय मॉडल स्‍कूल में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल होकर स्‍कूल के छात्र-छात्राओं के साथ दोपहर भोज किया।

इस अवसर पर कलेक्टर राघवेन्‍द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्‍त राम प्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत स्‍वतंत्रता दिवस पर जिले में स्‍कूली बच्‍चों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया था।