Sunday, August 16, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध पश्चिम बंगाल: कांग्रेस नेता और बेटे की हत्या में टीएमसी से जुड़ी...

पश्चिम बंगाल: कांग्रेस नेता और बेटे की हत्या में टीएमसी से जुड़ी महिला पंचायत प्रधान समेत 3 गिरफ्तार

0
6

कोलकाता, 16 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके 24 साल के बेटे अबू सुफियान की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में हरानगर ग्राम पंचायत की प्रधान फातिमा बीबी भी शामिल हैं, जो तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी हुई हैं।

यह घटना शनिवार देर रात नकाशीपारा थाना क्षेत्र के बेथुआडहरी में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, अनीसुर रहमान और उनका बेटा अबू सुफियान शनिवार रात चार पहिया गाड़ी से घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर कई राउंड फायरिंग की। इसके बाद पिता और बेटे को गाड़ी से उतारकर धारदार हथियारों से हमला किया गया। सूत्रों के अनुसार, दोनों की मौत मौके पर ही हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नकाशीपारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में फातिमा बीबी के अलावा उनके दो सहयोगियों अली मंडल और मिथुन शेख को गिरफ्तार किया है। सुबह मेडिकल जांच के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने तीनों की रिमांड मांगी है।

स्थानीय कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि फातिमा बीबी का पति जुब्बार शेख इस हत्या के मुख्य साजिशकर्ता है। जुब्बार शेख इलाके का प्रभावशाली टीएमसी नेता है और पहले से ही न्यायिक हिरासत में है।

नादिया जिला कांग्रेस का कहना है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद राज्य में कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभर रही थी। अनीसुर रहमान और उनके बेटे इस काम में अहम भूमिका निभा रहे थे।

एक स्थानीय कांग्रेस नेता ने कहा, “अनीसुर और उनका बेटा हमारी पार्टी को फिर से मुख्य विपक्ष बनाने में जुटे थे। इसीलिए वे स्थानीय टीएमसी नेतृत्व, खासकर फातिमा बीबी और उनके जेल में बंद पति को खटक रहे थे। जुब्बार शेख आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों में शामिल रहा है, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि बात इतनी आगे जाएगी। यह सिर्फ हत्या नहीं थी। हत्यारों ने पिता और बेटे को जिस बेरहमी से मारा, उससे एक संदेश देने की कोशिश की।”

हत्या के विरोध में पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूरे राज्य में ‘काला दिवस’ मनाया। प्रदेश अध्यक्ष शुभांकर सरकार और पूर्व अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने मामले की जल्द जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।