Tuesday, August 18, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध असम पुलिस ने ट्रक से 10 करोड़ रुपए के याबा टैबलेट किए...

असम पुलिस ने ट्रक से 10 करोड़ रुपए के याबा टैबलेट किए जब्त, एक गिरफ्तार

0
6

गुवाहाटी, 18 अगस्त (आईएएनएस)। असम पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राज्य में जारी कार्रवाई के तहत एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कछार जिले में एक ट्रक से 10 करोड़ रुपए कीमत के 50,000 याबा टैबलेट जब्त किए। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस कार्रवाई की तारीफ करते हुए लिखा, “हम्प्टी डम्प्टी की तरह यह ड्रग्स तस्करी की खेप भी गिर पड़ी। कछार पुलिस और असम पुलिस ने बेहतरीन काम किया है।”

यह नशीला पदार्थ कछार जिले के दिघारखाल इलाके में पुराने एमवीआई चेक पॉइंट पर एक ऑपरेशन के दौरान बरामद किया गया। वहां पुलिस ने एक ट्रक को रोका और एक चैंबर पाया, जिसका इस्तेमाल नशीले पदार्थ को छिपाने के लिए किया जा रहा था। छिपे हुए खाने से 50,000 याबा टैबलेट जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपए है। इस जब्ती के सिलसिले में एक व्यक्ति को पकड़ा गया है।

यह बरामदगी असम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे बड़े नशीले पदार्थ विरोधी ऑपरेशनों की कड़ी है। कछार और पूर्वोत्तर के ड्रग-तस्करी मार्गों से सटे अन्य जिलों में ऑपरेशन जारी है।

हाल के महीनों में, याबा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रवर्तन ऑपरेशनों के लिए कछार एक मुख्य केंद्र बनकर उभरा है।

अगस्त में असम पुलिस और असम राइफल्स ने संयुक्त रूप से कछार में लगभग 1.1 लाख याबा टैबलेट और 223 ग्राम हेरोइन जब्त की, जिसकी कीमत 28 करोड़ रुपए से ज्यादा थी और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।

इससे पहले जुलाई में असम पुलिस, असम राइफल्स और कछार व हैलाकांडी की जिला पुलिस इकाइयों के संयुक्त ऑपरेशन में लगभग 80,000 याबा टैबलेट जब्त की गईं और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

जून में, कछार पुलिस ने सिलचर में लगभग 2.9 करोड़ रुपए मूल्य की 29,200 संदिग्ध याबा टैबलेट जब्त की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

सरमा ने बार-बार कहा है कि राज्य सरकार ड्रग्स के कारोबार के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेगी और असम को ड्रग-मुक्त राज्य बनाने की दिशा में काम करेगी।