Tuesday, August 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय छात्रों की मांग के बाद बीपीएससी टीआरई-4 की भर्ती की तारीख का...

छात्रों की मांग के बाद बीपीएससी टीआरई-4 की भर्ती की तारीख का ऐलान, जानें कब से भरे जाएंगे फॉर्म?

0
6

पटना, 18 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालय अध्यापक के 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए चतुर्थ चरण विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4.0) के तहत ऑनलाइन आवेदन की तारीखों की घोषणा कर दी है। आयोग ने विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत योग्य भारतीय उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इस भर्ती को लेकर छात्र और अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलनरत थे और लगातार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने तथा रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे थे। अभ्यर्थियों की ओर से भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही थी। ऐसे में बीपीएससी की ओर से 32,388 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की तारीख घोषित किए जाने को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। वहीं, ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने और जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

बीपीएससी ने कहा कि भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, दिशा-निर्देश और अन्य आवश्यक जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को आवेदन शुरू करने से पहले विस्तृत विज्ञापन और आवेदन संबंधी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है। विद्यालय अध्यापक के कुल 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए यह भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।

आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन के दौरान सभी आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करने और अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने को कहा है। भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी आगे की सूचनाएं भी आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।

आयोग ने स्पष्ट किया कि भर्ती से संबंधित आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना और निर्देश ही मान्य होंगे।