Thursday, August 20, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध कोलकाता एयरपोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन को लेकर सौगत रॉय ने लोकसभा...

कोलकाता एयरपोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन को लेकर सौगत रॉय ने लोकसभा स्पीकर को लिखा पत्र

0
3

कोलकाता, 19 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता एयरपोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सौगत रॉय ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। यह हमला एक दिन पहले हुआ था।

मीडिया से बातचीत में रॉय ने कहा, “मैंने लोकसभा अध्यक्ष को मंगलवार को हुई पूरी घटना की जानकारी दे दी है। मैं एक जनप्रतिनिधि हूं। कल की घटना में दो जनप्रतिनिधि भी शामिल थे। मैंने अपने पत्र में नाम उल्लेख किया है।”

मंगलवार को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर सौगत रॉय का कुछ लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था। प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार को घेर लिया और काले झंडे तथा जूते दिखाकर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान ‘गो बैक’ नारे भी लगाए गए। स्थिति बिगड़ने पर एयरपोर्ट प्रशासन और पुलिस ने हस्तक्षेप कर सौगत रॉय को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, सौगत रॉय एयरपोर्ट प्राधिकरण की एक बैठक में शामिल होने के लिए हवाई अड्डे पहुंचे थे। जैसे ही वह वहां पहुंचे, प्रदर्शनकारियों और भाजपा समर्थकों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और उन्हें वापस जाने के लिए कहा।

सौगत रॉय ने कार का शीशा नीचे कर प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने की कोशिश भी की, लेकिन प्रदर्शनकारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे। कुछ देर बाद पुलिस और एयरपोर्ट अधिकारियों ने उन्हें वहां से निकाला।

यह पहला मौका नहीं है जब सौगत रॉय को विरोध का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले मई 2025 के अंत में उत्तर 24 परगना जिले के निमता इलाके में भी उनके खिलाफ प्रदर्शन हुआ था। उस दौरान उन पर अंडे फेंके गए थे और उनके खिलाफ नारे लगाए गए थे।

उस घटना के बाद भी सौगत रॉय ने आरोप लगाया था कि विरोध प्रदर्शन के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हाथ था।