Thursday, August 20, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कोलकाता अग्निकांड: जान गंवाने वालों में सात बांग्लादेशी और दो भारतीय शामिल

कोलकाता अग्निकांड: जान गंवाने वालों में सात बांग्लादेशी और दो भारतीय शामिल

0
7

कोलकाता, 20 अगस्त (आईएएनएस)। पुलिस ने गुरुवार को केंद्रीय कोलकाता में स्थित मिर्जा गालिब गली में स्थित होटल में लगी आग की चपेट में आकर जिन नौ लोगों ने अपनी जान गंवाई थी, उनकी पहचान कर ली है।

जिन नौ लोगों ने आग की चपेट में आकर अपनी जान गंवाई है, उसमें से सात की पहचान बांग्लादेशी नागरिक के रूप में हुई है। वहीं, अन्य दो भारत के ही नागरिक हैं, जिसमें से एक की पहचान झारखंड के गिरिडीह जिले के निवासी के रूप में हुई और दूसरे की पहचान उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग जिले के निवासी के रूप में हुई है।

कोलकाता पुलिस ने अपने बयान में उन सात बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट नंबर का भी खुलासा किया है, जो आग की घटना में मारे गए थे। मरने वाले नौ लोगों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि ये सभी सातों बांग्लादेशी नागरिक एक ही परिवार के हैं। इनकी पहचान देबाशीष दत्ता (39), उनकी पत्नी अफसाना शिरमियान (27), उनका छोटा बेटा स्वर्णाशीष दत्ता और अफसाना के पिता मोहम्मद अकरम अली (74) के रूप में हुई है।

यह सभी लोग कोलकाता अकरम के मेडिकल जांच के लिए आए थे। यह सभी लोग बांग्लादेश के कुश्तिया जिले के रहने वाले थे और देबाशीष पेशे से पत्रकार था।

वहीं, पांचवें बांग्लादेशी पीड़ित नागरिक की पहचान बाबू अहमद ( 37) के रूप में हुई है जो मूल रूप से बांग्लादेश के ढाका जिले का रहन वाला था। बाकी दो लोग रेबती सरकार और एम. अलीमुज़्ज़मान हैं। ये दोनों बांग्लादेश के कालीगंज के रहने वाले हैं। कोलकाता पुलिस ने उनकी उम्र का खुलासा नहीं किया है।

वहीं, इन सात बांग्लादेशी नागरिकों के अलावा 19 वर्षीय संदीप पासवान की भी पहचान हुई है, जो उसी बिल्डिंग में स्थित होटल में कार्यरत था। उसे भी उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। पासवान मूल रूप से गिरिडीह जिले का रहने वाला है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले नौवे शख्स की पहचान योग नायारण अग्रवाल (68) के रूप में हुई है। यह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दार्जलिंग का रहने वाला है।

गौर करने वाली बात यह है कि इन सभी लोगों को घुटन की वजह से अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। इन लोगों को कोई भी चोट नहीं पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि होटल के तीसरे मंजिल पर लगी आग की तीव्रता ज्यादा नहीं थी। हालांकि, समय पर राहत एवं बचाव कार्य न मिलने की वजह से इन लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया। पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई थी। इस वजह से इन लोगों की घुटन के चलते मौत हो गई।

इस घटना को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी होटलों, लॉज और गेस्ट हाउस का ऑडिट कराने का आदेश दिया है।

जिस बिल्डिंग में आग लगी थी वो बिल्डिंग न्यूज मार्केट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है। पुलिस स्टेशन ने इस हादसे का स्वत: संज्ञान लिया है। वहीं, द स्टेट फायर सर्विस डिपार्टमेंट ने भी इस हादसे के संबंध में एक अलग प्राथमिकी दर्ज की है।