Friday, August 21, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय दक्षिण कोरिया: दिवंगत राष्ट्रपति रोह की पत्नी के घर छापा, कथित गुप्त...

दक्षिण कोरिया: दिवंगत राष्ट्रपति रोह की पत्नी के घर छापा, कथित गुप्त फंड की जांच तेज

0
9

सोल, 21 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति रोह ताए-वू की पत्नी किम ओक-सुक के घर पर शुक्रवार को अभियोजकों ने छापा मारा। यह कार्रवाई परिवार द्वारा कथित तौर पर छिपाए गए गुप्त धन (स्लश फंड) से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई है।

योनहाप न्यूज एजेंसी ने बताया कि कानूनी सूत्रों के अनुसार, पश्चिमी सोल स्थित किम के आवास पर तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की गई। जांचकर्ताओं को कथित तौर पर कर चोरी और आपराधिक संपत्ति की छिपाने संबंधी कानून के उल्लंघन का संदेह है।

इस मामले में नागरिक संगठनों ने दिवंगत राष्ट्रपति की पत्नी के अलावा उनकी बेटी रोह सो-यॉन्ग और बेटे रोह जे-हॉन के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई थी। रोह जे-हॉन फिलहाल चीन में दक्षिण कोरिया के राजदूत हैं।

कथित गुप्त धन का मामला उस समय सुर्खियों में आया जब रोह सो-यॉन्ग और एसके ग्रुप के चेयरमैन चेय ताए-वोन के बीच तलाक और संपत्ति बंटवारे को लेकर मुकदमा चल रहा था।

रोह सो-यॉन्ग ने अदालत में अपनी संपत्ति में योगदान का दावा करते हुए कहा था कि उनके पिता रोह ताए-वू ने चेय ताए-वोन के पिता को 30 अरब वॉन (करीब 2.17 करोड़ डॉलर) दिए थे। उनके पक्ष का तर्क था कि इस रकम ने एसके ग्रुप के विकास में मदद की।

दक्षिण कोरिया के सुप्रीम कोर्ट ने अक्टूबर में दोनों के तलाक की पुष्टि कर दी थी, लेकिन उसने इस बात पर फैसला नहीं दिया कि कथित गुप्त फंड वास्तव में मौजूद था या नहीं। संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कानूनी लड़ाई अभी जारी है।

रोह ताए-वू 1988 से 1993 तक दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति रहे थे। 1997 में राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद वह बड़े स्लश फंड घोटाले में दोषी ठहराए गए थे। उन्हें अवैध रूप से जमा किए गए गुप्त धन के मामले में 262.8 अरब वॉन की जब्ती की सजा सुनाई गई थी।

अधिकारियों ने रोह और उनके परिवार से करीब 240 अरब वॉन की राशि बरामद की थी। बाकी करीब 23 अरब वॉन का भुगतान 2013 में उनके रिश्तेदारों, जिनमें उनके भाई और पूर्व ससुराल पक्ष के सदस्य शामिल थे, ने किया था। रोह ताए-वू का 2021 में निधन हो गया था।