Saturday, August 22, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध उत्तर प्रदेश: हापुड़ पुलिस ने गौरव हत्याकांड में 25 हजार के इनामी...

उत्तर प्रदेश: हापुड़ पुलिस ने गौरव हत्याकांड में 25 हजार के इनामी को मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

0
7

हापुड़/फिरोजाबाद, 22 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या के मामले में 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि हापुड़ के देहात थाना पुलिस की चेकिंग के दौरान गौरव त्यागी हत्याकांड के मुख्य आरोपी से मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25,000 का इनामी बदमाश प्रदीप पुत्र राजबीर गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ग्राम मोहम्मदपुर आजमपुर, थाना बाबूगढ़ का निवासी है और 18 अगस्त को पुरानी जमीनी रंजिश में गौरव त्यागी की हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। प्रदीप ने अपने भाइयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर अपने गांव निवासी गौरव त्यागी की हथौड़े व सरियों से वार कर निर्मम हत्या की थी, जिसके संबंध में थाना हापुड़ देहात पर कई धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत है।

इस अभियोग में अभियुक्त प्रदीप लगातार वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक हापुड़ कुवंर ज्ञानंजय सिंह ने 25 हजार रुपए का पुरस्कार घोषित किया था। गिरफ्तारी के दौरान प्रदीप के पास से अवैध असलहा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।

हापुड़ की डीएसपी अनीता चौहान ने बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक सफेद रंग की कार को रोकने का इशारा किया था। कार रोकने के बजाय चालक ने उसे तेजी से दौड़ाना शुरू कर दिया। इसी बीच, कार पेड़ से जा टकराई। डीएसपी ने बताया कि आरोपी ने इस टक्कर के बाद कार से उतरकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वहीं, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। टूंडला के सीओ अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि थाना मक्खनपुर और थाना नारखी की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। दो चोरों अनुज और मिथुन के पैर में गोली लगने के कारण उन्हें अस्पताल भेजा गया। तीनों आरोपियों के पास से पुलिस ने तमंचा, बाइक और 10 हजार रुपए से अधिक की नकदी बरामद की।