लखनऊ, 22 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आरक्षण सुधार आंदोलन से जुड़े छात्रों को भरोसा दिलाया है कि उनकी मांगों को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल की संबंधित केंद्रीय मंत्री से मुलाकात भी कराई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और सकारात्मक पहल के साथ आगे बढ़ेगी। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार को लखनऊ में पत्रकार वार्ता करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों की सभी मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया है प्रतिनिधिमंडल की ओर से उन्हें एक पत्र भी सौंपा गया है, जिसे केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हर्ष दुबे, मृत्युंजय पाठक, शिवा शर्मा और उनके साथियों की मौजूदगी में ब्रजेश पाठक ने कहा कि छात्रों की न्यायसंगत मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार हर युवा के साथ है। देश और प्रदेश के युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। छात्रों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाकर समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।”
उन्होंने कहा कि छात्रों की ओर से उठाए गए मुद्दों को आगामी दो दिनों के भीतर केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा। इसके साथ ही संबंधित केंद्रीय मंत्री से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।
छात्र प्रतिनिधिमंडल की ओर से सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में छात्रों की बौद्धिक क्षमता और मेरिट में काफी अंतर दिखाई देता है। आंदोलन का मुख्य उद्देश्य सभी छात्रों को समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आगे के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में किसी के साथ अन्याय न हो।
पत्र में कहा गया है कि सभी छात्रों की बौद्धिक क्षमता के समान विकास के लिए शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए। साथ ही, अवसरों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए, जिससे अधिक से अधिक छात्रों को आगे बढ़ने का मौका मिले और किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो।
छात्रों ने कहा कि इससे समाज का व्यापक हित सुनिश्चित होगा। हर्ष दुबे ने कहा कि छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना प्रदर्शन किया है। उनकी मांग देश के हर युवा को समान अवसर दिलाने की है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री की ओर से दो दिन के भीतर केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया गया है।

