पुणे, 22 अगस्त (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पुणे दौरे के मौके पर शनिवार को पुणे एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राहुल गांधी यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।
इस कार्यक्रम से पहले भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। भाजपा विधायक राम कदम ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम में छात्रों को पैसे देकर लाया जा रहा है, जबकि कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
आईएएनएस से बात करते हुए राम कदम ने आरोप लगाया, “उनकी हालत इस हद तक गिर गई है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छात्रों को पैसे दिए जा रहे हैं। एक रेट कार्ड बनाया गया है कि जितने छात्रों को लाओगे, उसके हिसाब से पैसा दिया जाएगा। तो जो लोग पैसे लेकर कार्यक्रम में आ रहे हैं, उनसे किस तरह का संवाद होगा। राहुल गांधी को सुनने कोई नहीं आ रहा, वे पैसे मिलने की वजह से आ रहे हैं।”
उन्होंने दावा किया कि यह निराधार आरोप नहीं है क्योंकि सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो मौजूद हैं जिन्हें लोग देख सकते हैं। भाजपा नेता ने कहा, “अब जब उनके सारे मुद्दे खत्म हो गए हैं, तो टॉपिक जेनरेट करने के लिए छात्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है। लेकिन देश के छात्र और युवा पूरी तरह से जानते हैं कि 12 साल पहले भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, आज नॉमिनल जीडीपी के हिसाब से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।”
वहीं, कांग्रेस नेता यशोमति चंद्रकांत ठाकुर ने इन आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “आपको एक बात बताऊं, हमारे पास पैसा ही नहीं है। आप भाजपा के अकाउंट देखिए और हमारे अकाउंट देखिए। हमारे पास पैसा आएगा कहां से? हमारे पास पैसा ही नहीं है। कांग्रेस उत्साह से भरी है, बच्चे उत्साह से भरे हैं। कोई डरा हुआ नहीं है।”

