Saturday, August 22, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति यूसीसी पर राजस्थान सरकार का कदम स्वागतयोग्‍य, भाजपा स्‍थानीय निकाय चुनाव को...

यूसीसी पर राजस्थान सरकार का कदम स्वागतयोग्‍य, भाजपा स्‍थानीय निकाय चुनाव को लेकर तैयार: अरुण चतुर्वेदी

0
5

जयपुर, 22 अगस्‍त (आईएएनएस)। वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर राजस्थान सरकार के कदम का स्वागत किया और विकास, शिक्षा तथा आगामी निकाय चुनावों के लिए भाजपा की तैयारियों पर बात की।

राजस्‍थान राज्‍य वित्त आयोग के चेयरमैन अरुण चतुर्वेदी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि जनसंघ के समय से ही भाजपा की मांग थी जो तीन विषयों को लेकर हम चुनाव में उतरे। उनमें से एक समान नागरिक संहिता (यूसीसी) है। देश के कई राज्‍यों ने यूसीसी का कानून लागू किया है। राजस्‍थान ने भी इस मामले को लेकर कदम आगे बढ़ाया है। मैं राज्‍य सरकार के फैसले का स्‍वागत करता हूं।

उन्‍होंने आगे कहा कि आजादी के कालखंड में संविधान बना और सबने इसको मानने का काम किया। अलग-अलग धर्म, परिस्थिति के आधार पर सभी के कानून अलग थे। इसे देखते हुए अनुभव किया जा रहा था कि सबके लिए समान नागरिक कानून बनना चाहिए। इसकी आवश्‍यकता को तुष्‍टीकरण की राजनीतिक कारणों से कांग्रेस सहित अन्‍य दलों की सरकारों ने स्‍वीकार नहीं किया। भाजपा के पुराने एजेंडे और संविधान की आत्‍मा को संभालने का काम किया।

वित्त आयोग के चेयरमैन अरुण चतुर्वेदी कहते हैं, “कानून अपना काम करेगा। सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ हर दूसरे क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। कमियां सबके सामने हैं और सरकार उन्हें दूर करने के लिए काम कर रही है।”

उन्‍होंने कहा, “2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने सबसे पहला काम हर घर में शौचालय उपलब्ध कराने का कार्य शुरू किया। एक बात साफ है, 2014 तक हम अपने घरों में शौचालय नहीं बनवा पाए थे। हमारी माताओं और बहनों को खुले में शौच के लिए मजबूर होना पड़ता था। आजादी के बाद 2014 में हमें एहसास हुआ कि हजारों शहर और गांव ऐसे थे, जहां बिजली नहीं पहुंची थी। उन्होंने हर घर तक बिजली पहुंचाने का काम किया। उन्होंने साफ पानी उपलब्ध कराने का भी काम किया। आजादी के 75 सालों में हम ऐसा नहीं कर पाए थे, लेकिन उन्होंने हर घर तक पानी पहुंचाने का काम किया।”

उन्‍होंने कहा कि राजस्‍थान को जो विरासत मिली थीं, उनको भजनलाल शर्मा के नेतृत्‍व में धीरे-धीरे भाजपा सरकार लगातार बजट की उपलब्‍धता को बढ़ा रही है और समस्‍याओं का समाधान कर रही है। सरकार पूरी निष्‍ठा के साथ स्‍कूलों की दशा को सुधारने का काम कर रही है।

स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर अरुण चतुर्वेदी कहते हैं, “भारतीय जनता पार्टी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। हमने निचले स्तर से लेकर ऊपर तक एक ढांचा तैयार किया है। हमने अपने पूरे तंत्र को सक्रिय किया है। 27 तारीख से नामांकन होगा और उस समय तक प्रत्‍याशियों का चयन कर उम्‍मीदवारों को उतारने का काम करेंगे।”